Chandan Mishra Murder Case: STF और पुलिस की मुठभेड़ में दो शूटर घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को भोजपुर जिले के बिहियां थाना क्षेत्र में बिहार STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो अपराधियों को मुठभेड़ के दौरान गोली लगी है, जबकि एक आरोपी को पकड़ लिया गया है।
सुबह-सुबह घेराबंदी, फिर मुठभेड़ शुरू
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे, STF और बिहियां थाना पुलिस की टीम ने कटिया रोड के पास कुछ संदिग्धों को घेरा। उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दो आरोपियों के हाथ-पैर में गोली लगी। घायल अपराधियों की पहचान बलवंत कुमार सिंह और रवि रंजन कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तीसरा आरोपी अभिषेक पकड़ा गया, CCTV में दिखे थे ये शूटर
पुलिस ने एक अन्य आरोपी अभिषेक कुमार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बलवंत और अभिषेक वही शूटर हैं, जो पटना के पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा की हत्या के वक्त CCTV फुटेज में नजर आए थे। बलवंत को इस मुठभेड़ में गोली लगी है, जबकि अभिषेक को सुरक्षित दबोचा गया।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं, जिनमें एक देशी कट्टा, दो पिस्टल, दो मैग्जीन और चार जिंदा कारतूस शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने माना है कि वे चंदन मिश्रा की हत्या में शामिल थे और वारदात के बाद छिपकर बैठे थे।
STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आगे और गिरफ्तारियां संभव
इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी को बिहार STF और भोजपुर पुलिस की संयुक्त सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों की भी पहचान और गिरफ्तारी की जाएगी। मुठभेड़ स्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Also Read: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का अचानक इस्तीफा, स्वास्थ्य कारण या कोई राजनीतिक संदेश?

