Chandauli News: दो SDM के बीच छिड़ी ‘जंग’, थाने पहुंचा पति-पत्नी का विवाद, 20 करोड़ के दहेज का आरोप

SDM दिव्या ओझा के पिता ने दामाद अनुपम मिश्रा पर दर्ज कराई FIR: 'शारीरिक रूप से अक्षम' और 'ब्लैकमेलिंग' जैसे गंभीर आरोप; यूपी के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में तैनात दो पीसीएस अधिकारियों (पति-पत्नी) के बीच का आपसी विवाद अब कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। चंदौली सदर की एसडीएम दिव्या ओझा के पिता ने अपने दामाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के एसडीएम अनुपम मिश्रा के खिलाफ प्रतापगढ़ के महिला थाने में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। 20 करोड़ रुपये के दहेज की मांग और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना के इन आरोपों ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है।

हाई-प्रोफाइल शादी और विवाद की शुरुआत

जानकारी के मुताबिक, 2017 बैच की पीसीएस अधिकारी दिव्या ओझा (मूल निवासी प्रतापगढ़) और 2019 बैच के अधिकारी अनुपम मिश्रा (निवासी नैनी, प्रयागराज) की शादी साल 2020 में हुई थी। इत्तेफाक से दोनों की तैनाती वर्तमान में चंदौली जिले की अलग-अलग तहसीलों में बतौर एसडीएम है। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच वैचारिक मतभेद शुरू हो गए थे, जो वक्त के साथ गहराते चले गए।

पिता के गंभीर आरोप: “झूठ बोलकर की गई शादी”

दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा द्वारा 17 मार्च 2026 को दर्ज कराई गई एफआईआर में बेहद चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। आरोप है कि अनुपम मिश्रा और उनके परिवार द्वारा 20 करोड़ रुपये के दहेज की डिमांड की गई। पिता का आरोप है कि उनका दामाद शारीरिक रूप से अक्षम है और यह शादी धोखे से, झूठ बोलकर कराई गई थी। एफआईआर में मारपीट, जानलेवा हमला और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इसमें अनुपम के पिता, मां और दो बहनों को भी नामजद किया गया है।

पति पहले ही कर चुके हैं तलाक फाइल

सूत्रों के अनुसार, विवाद सुलझाने की तमाम कोशिशें नाकाम रहने के बाद एसडीएम अनुपम मिश्रा ने करीब चार महीने पहले ही कोर्ट में तलाक (Divorce) की अर्जी दे दी थी। इसके बाद अब पत्नी पक्ष की ओर से यह आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया गया है।

प्रशासनिक खेमे में चर्चा तेज

एक ही जिले में तैनात दो उपजिलाधिकारियों के बीच इस तरह की ‘मुकदमेबाजी’ ने जिले के अधिकारियों को भी हैरत में डाल दिया है। फिलहाल इस मामले पर दोनों ही अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन प्रतापगढ़ पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Also Read: UP Cabinet: योगी सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा, गेहूं के MSP में बढ़ोतरी, 37 प्रस्तावों पर लगी मुहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.