Chandauli News: मझवार स्टेशन पर रुकेगी महाबोधि एक्सप्रेस, सांसद साधना सिंह की पहल को मिली सफलता
Sandesh Wahah Digital Desk: पूर्वांचल के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब गया–नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12397/12398) का ठहराव चंदौली के मझवार रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा।
रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को दिल्ली सहित अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने में अब अधिक सुविधा मिलेगी।
स्थानीय मांग को मिली मंजूरी
इस फैसले से न सिर्फ चंदौली बल्कि आसपास के क्षेत्रों—जैसे कि सैयदराजा, सकलडीहा, और धीना के यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा। अब उन्हें गया या पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
राज्यसभा सांसद साधना सिंह की पहल लाई रंग
सांसद साधना सिंह ने बताया कि सांसद बनने के तुरंत बाद उन्होंने मझवार स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को प्राथमिकता दी थी।
“24 जुलाई 2024 को मैंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर महाबोधि एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी थी।
साथ ही संसद की रेलवे स्थायी समिति में भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया।”
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय चंदौली के लोगों के लिए “बड़ी सौगात” साबित होगा।
क्या है महाबोधि एक्सप्रेस की खासियत?
महाबोधि एक्सप्रेस गया से नई दिल्ली के बीच चलने वाली एक तेज और प्रतिष्ठित ट्रेन है, जो बिहार और पूर्वांचल के लाखों यात्रियों के लिए जीवनरेखा मानी जाती है।
इसका चंदौली मझवार स्टेशन पर ठहराव मिलने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
महाबोधि एक्सप्रेस के मझवार स्टेशन पर ठहराव की खबर से स्थानीय यात्रियों और जनप्रतिनिधियों में हर्ष और उत्साह देखा जा रहा है।
लोगों ने इस फैसले को “यातायात और रोजगार दोनों के लिहाज से लाभकारी” बताया है।
रिपोर्ट – मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: नगर निगम बैठक में भाजपा पार्षदों की तीखी नोकझोंक, सदन का माहौल गरमाया

