Chandauli News: टिन शेड के नीचे मिला पूर्व प्रधान का शव, पुलिस जांच में जुटी
Chandauli News: चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सोनहुल गांव के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांधीनगर निवासी रामकिसुन (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांव के पूर्व प्रधान रह चुके थे। घटनास्थल से उनकी मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि जेब से ₹47,700 नकद और एक मोबाइल फोन मिलने से मामला और अधिक संदिग्ध हो गया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सोनहुल गांव के पास एक टिन शेड के नीचे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान की और तलाशी के दौरान बड़ी नकदी और फोन बरामद किया। इतनी रकम मिलने से हत्या या लूट की साजिश जैसे एंगल पर भी जांच की जा रही है।
परिवार का बयान
परिजनों ने बताया कि रामकिसुन शुक्रवार शाम अपने बाड़े से घर लौट रहे थे, तभी तेज़ बारिश शुरू हो गई। संभव है कि वे सोनहुल गांव के पास बने टिन शेड के नीचे बारिश से बचने के लिए रुक गए हों। देर रात उनकी मौत हो गई।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले डेढ़ महीने से पीलिया से पीड़ित थे और शराब का सेवन भी करते थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या बीमारी या नशे के कारण उनकी मौत हुई।
चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, “हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। जेब से मिली भारी नकदी की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पूरी जानकारी मिलेगी।”
Also Read: पीएम मोदी ने आईटीआई के टॉपर्स को किया सम्मानित, पीएम-सेतु योजना लॉन्च

