Chandauli News: किसानों की समस्या पर सपा पूर्व विधायक का गुस्सा फूटा, अधिकारी को दिखाई चप्पल
Chandauli News: सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के चारी गांव में पंप कैनाल चार दिनों से बंद होने के कारण किसानों की फसलें सूखने के कगार पर पहुंच गई हैं। शिकायत मिलने पर बुधवार को मौके पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारी को चप्पल दिखाकर सख्त चेतावनी दी।
किसानों की फसल के साथ मज़ाक किया जा रहा
ग्रामीणों ने पूर्व विधायक को बताया कि विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर मनोज सिंह डब्लू भड़क उठे और अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर किसानों की सुध क्यों नहीं ली जा रही। उन्होंने कहा, “हिलावली करके किसानों की फसल के साथ मज़ाक किया जा रहा है। जब फसल सूख जाएगी, तब पानी देने का क्या मतलब होगा?”
अधिकारियों से “चप्पल की भाषा” में बात की जाएगी
पूर्व विधायक ने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने 34 करोड़ रुपये की लागत से इस पंप कैनाल का निर्माण कराया था ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की दिक्कत न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तीन दिन के अंदर पंप चालू नहीं हुआ तो अगली बार अधिकारियों से “चप्पल की भाषा” में बात की जाएगी।
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि फिलहाल दशहरे के मौके पर वे अधिकारियों को शुभकामनाएं दे रहे हैं, लेकिन भविष्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व विधायक के तेवर से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। वहीं, किसानों ने उनके समर्थन के लिए आभार जताया और उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्या का समाधान जल्द होगा।
Also Read: रांझणा के बाद फिर साथ आए धनुष और आनंद एल राय, तेरे इश्क में का टीज़र रिलीज

