चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: सिटी ब्यूटीफुल के नाम से मशहूर चंडीगढ़ में आज एक ई-मेल ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था को हिला कर रख दिया। शहर के 5 से ज्यादा प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तुरंत स्कूलों को खाली कराने का आदेश दिया।

धमकी भरे ई-मेल जिन स्कूलों को मिले, उनमें चितकारा इंटरनेशनल स्कूल (सेक्टर-25), सेंट स्टीफन (सेक्टर-45) और सेक्टर-16, 19, 35 व 47 के मॉडल स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा एहतियात के तौर पर विवेक हाई स्कूल और रिहान इंटरनेशनल में भी छुट्टी कर दी गई।

धमकी मिलते ही एक्शन में पुलिस

ई-मेल की सूचना मिलते ही एसएसपी के नेतृत्व में चंडीगढ़ पुलिस, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया।

स्कूलों को कराया गया खाली: पैनिक (घबराहट) से बचने के लिए स्कूलों ने बड़ी ही सावधानी से बच्चों को उनकी क्लास से बाहर निकाला और बसों व निजी वाहनों के जरिए सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया।

चप्पे-चप्पे की तलाशी: पुलिस टीमें एक-एक क्लासरूम, खेल के मैदान और लाइब्रेरी की सघन तलाशी ले रही हैं। राहत की बात यह है कि अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।

यह किसी की शरारत है या कोई बड़ी साजिश, इसका पता लगाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सेल सक्रिय हो गई है। टीम ई-मेल के IP एड्रेस को ट्रैक कर रही है ताकि भेजने वाले तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस तरह की अफवाह या धमकी देने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: Ayodhya News: इस्तीफा देने वाले GST अफसर पर भाई ने लगाया फर्जी सर्टिफिकेट का आरोप, बोले- पोल खुलने वाली थी, इसलिए रचा नाटक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.