महाकुंभ में जाम और अव्यवस्था पर चंद्रशेखर आजाद का हमला, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: महाकुंभ के दौरान जाम और अव्यवस्था पर विपक्ष ने एक बार फिर सरकार को घेरा। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने महाकुंभ आयोजन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ का प्रचार तो खूब किया गया, लेकिन व्यवस्था को संभालने में सरकार नाकाम रही है।

चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि महाकुंभ के आयोजन में भारी खर्च के बावजूद व्यवस्था में भारी खामियां हैं। उन्होंने कहा, “भा.ज.पा सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए हैं, लेकिन बावजूद इसके महाकुंभ में सड़क पर जाम की स्थिति है और ट्रेनों के शीशे तक तोड़े जा रहे हैं। ये एक बड़ी असफलता है।”

महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण प्रयागराज में सड़क पर लाखों वाहन जमा हो गए हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। कई किलोमीटर तक वाहनों का जाम लगा है और श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचने के लिए घंटों पैदल चलने पड़ रहे हैं।

इस बीच, प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कड़ी कोशिशें की हैं। महाकुंभ यातायात पुलिस ने 13 फरवरी सुबह 8 बजे तक एक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत, सोमवार रात 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक प्रशासनिक और चिकित्सीय वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों का मेला क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को उनकी गाड़ियों को अलग-अलग पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। महाकुंभ में जाम की स्थिति और अव्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार की नाकामी पर सवाल उठाए हैं और इसे तत्काल सुधारने की मांग की है।

Also Read: ‘ये डबल ब्लंडर सरकार’, महाकुंभ में जाम का जिक्र कर अखिलेश यादव बोले- इसके…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.