पुलिस ने रोका तो सड़क पर चंद्रशेखर आजाद ने लगा दी दौड़, दलित महिला की हत्या के बाद भारी तनाव

Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ के सरधना क्षेत्र का कपसाड़ गांव इस वक्त छावनी में तब्दील हो चुका है। यहां अपराधियों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल जाए। बेटी को बचाने की कोशिश में एक मां ने अपनी जान गंवा दी, जबकि 20 साल की बेटी का अब भी कुछ सुराग नहीं मिला है।

क्या थी पूरी वारदात?

मेरठ पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने कपसाड़ गांव में एक 20 वर्षीय लड़की के अपहरण की कोशिश की। घर में मौजूद 50 साल की मां अपनी बेटी को बचाने के लिए बदमाशों से भिड़ गई। बेखौफ अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से गांव में जबरदस्त आक्रोश और तनाव है।

चंद्रशेखर की पुलिस के साथ लुका-छिपी

आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद जैसे ही इस घटना की खबर पाकर पीड़ित परिवार से मिलने के लिए निकले, पुलिस ने उन्हें रोकने की पूरी तैयारी कर ली थी। गाजियाबाद पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर चंद्रशेखर के काफिले को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और सांसद के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

जब पुलिस ने रास्ता नहीं दिया, तो चंद्रशेखर अपनी गाड़ी छोड़कर पैदल ही सड़क पर दौड़ पड़े। उन्हें इस तरह दौड़ता देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। इसके बाद वे दूसरी गाड़ी में बैठकर मेरठ की ओर निकल गए, जबकि पुलिस हाथ मलती रह गई।

मेरठ तक बिछाया गया पुलिस का जाल

चंद्रशेखर को गांव तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने चार स्तर की सुरक्षा घेराबंदी (नाकेबंदी) की है। पहली घेराबंदी दिल्ली बॉर्डर पर स्थित गाजीपुर टोल प्लाजा की गई। दूसरी काशी टोल प्लाजा पर की गई। यहां पुलिस का भारी पहरा है और भीम आर्मी के कार्यकर्ता यहीं धरने पर बैठ गए हैं। इसके अलावा सिवाय टोल प्लाजा मेरठ हाईवे पर भी कड़ी चेकिंग चल रही है। साथ ही कपसाड़ गांव के चारों तरफ छोटे-बड़े नाके लगाकर किसी भी बाहरी नेता के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

तनावपूर्ण शांति और न्याय की मांग

कपसाड़ गांव में इस वक्त पुलिस के जूतों की आहट है। ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि बेटी को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और हत्यारों को ऐसी सजा मिले जो मिसाल बने। वहीं, राजनीति इस बात पर तेज है कि आखिर क्यों एक सांसद को पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने से रोका जा रहा है।

Also Read: ‘ग्रामीण भारत की जीवनरेखा खत्म कर रही भाजपा’, कांग्रेस का बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.