बिहार में चंद्रशेखर आजाद की पार्टी 100 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, महागठबंधन की बढ़ेगी टेंशन
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में अब तक मुख्य मुकाबला NDA और इंडिया गठबंधन के बीच माना जा रहा था, लेकिन अब आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। उत्तर प्रदेश के भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद की पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान करके राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जौहर आज़ाद ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि जिन 100 सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, उनमें से 64 सीटें वे हैं, जहां पिछली बार महागठबंधन की हार हुई थी। पार्टी का दावा है कि इन सीटों पर इस बार भी महागठबंधन की स्थिति कमजोर है। उनके आंतरिक सर्वे के अनुसार, आज़ाद समाज पार्टी इन सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। जौहर आज़ाद ने तंज कसते हुए कहा, अगर बिहार में भाजपा की सरकार बनती है, तो इसका श्रेय दो युवराजों को जाएगा, उनका इशारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की ओर था।
21 जुलाई को बनेगी अंतिम रणनीति
आज़ाद समाज पार्टी ने 100 में से 60 सीटों पर विधानसभा प्रभारियों की घोषणा कर दी है, और बाकी सीटों पर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पार्टी का दावा है कि 46 सीटों पर उसका सीधा मुकाबला महागठबंधन से होगा और इन सीटों पर उन्होंने बूथ स्तर तक अपना संगठन खड़ा कर लिया है। पार्टी ने यह भी घोषणा की है कि 21 जुलाई को पटना के बापू सभागार में भीम आर्मी का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होगा। इस अधिवेशन में पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद खुद मौजूद रहेंगे और बिहार चुनाव के लिए अंतिम रणनीति को तय करेंगे। साथ ही, बाकी 143 सीटों पर चुनाव लड़ने या किसी गठबंधन में जाने का फैसला भी उसी दिन घोषित किया जाएगा।
Also Read: उड़ीसा से यूपी ला रहे थे 1 करोड़ का गांजा, STF ने रायबरेली में चार तस्करों को दबोचा

