बरसाना की लठामार होली में मची अफरा-तफरी, भीड़ में दबे एक दर्जन श्रद्धालु
Sandesh Wahak Digital Desk: मथुरा के बरसाना में रंगोत्सव का उल्लास उस समय चिंता में बदल गया जब रंगीली गली में श्रद्धालुओं की भीड़ अनियंत्रित हो गई। लठामार होली देखने और राधा रानी के दर्शन करने पहुंचे हजारों भक्तों के दबाव के चलते करीब एक दर्जन लोग भीड़ के बीच दब गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
क्यों बेकाबू हुई भीड़?
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय जब मंदिर के पट बंद थे, तब सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने रंगीली गली में श्रद्धालुओं की भीड़ को रोक दिया था। इसी दौरान नंदगांव से आए हुरियारे मंदिर में दर्शन कर रहे थे। हुरियारों को दर्शन करने में थोड़ा समय लगा, जिसके कारण पीछे से आ रहे श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ता चला गया।
धक्का-मुक्की में गिरे श्रद्धालु
जैसे ही पुलिस ने भीड़ को धीरे-धीरे आगे बढ़ाना शुरू किया, पीछे से आए एक जोरदार धक्के के कारण आगे खड़े करीब एक दर्जन श्रद्धालु संतुलन खोकर गिर पड़े और भीड़ के नीचे दब गए। यह देख मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और गिरे हुए लोगों को भीड़ से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया।
मैदान में उतरे आला अधिकारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार खुद भीड़ के बीच पैदल गश्त करते नजर आए। अधिकारियों ने मौके पर रहकर भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया और सुनिश्चित किया कि दर्शन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चलती रहे।
हादसे के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और बैरिकेडिंग के नियमों का पालन करने की अपील की है। बरसाना में लठामार होली के चलते अभी भी भारी भीड़ बनी हुई है, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

