लखनऊ में ‘मां की ज्योति यात्रा’ के गाने पर बवाल, नशे में धुत युवकों ने किया पथराव, 3 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की सदरौना काशीराम कॉलोनी में बुधवार देर रात ‘मां की ज्योति यात्रा’ के दौरान बज रहे गाने को लेकर बड़ा बवाल हो गया। नशे में धुत दो युवकों ने भक्तों पर पथराव कर दिया, जिसमें 3 लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

‘जो राम को लाए हैं…’ गाने पर आपत्ति

मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी अंशु गौतम भक्तों के साथ नवरात्रि जागरण के लिए फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित ज्वाला माता मंदिर से मां की ज्योति लेकर आ रहे थे। यात्रा के दौरान डीजे पर ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ गाना बज रहा था।

सदरौना के पास नशे में धुत दो युवकों ने इस गाने का विरोध शुरू कर दिया। अंशु गौतम और अन्य भक्तों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों झगड़े पर उतारू हो गए। गाली-गलौज के बाद उन्होंने पथराव शुरू कर दिया, जिससे अफ़रातफ़री मच गई।

पुलिस की कार्रवाई और घायलों का विवरण

इस पथराव में अंशु गौतम, अक्षय पाल और सत्यम पाल घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उपद्रवी युवक भाग चुके थे।

पुलिस बल ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ज्योति यात्रा आगे बढ़ी और जागरण संपन्न हुआ। जागरण के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि बवाल की सूचना पर पुलिस पहुंची और शांति सुनिश्चित कराई। उन्होंने कहा कि मामले में तहरीर (लिखित शिकायत) मिलने पर आरोपियों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार उपद्रवियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Also Read: बापू और शास्त्री के सपनों को साकार कर रही डबल इंजन सरकार : CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.