जयपुर में कोहराम: खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रेलर में घुसी, महिला समेत 5 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार की सुबह मौत का पैगाम लेकर आई। जयपुर के चाकसू इलाके के टिगरिया मोड़ पर सुबह करीब 5:30 बजे एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया और उसमें सवार पांच लोगों की जान चली गई।
एक झपकी और उजड़ गया परिवार
पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली और सबक देने वाली है। बताया जा रहा है कि कार चला रहे ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे गाड़ी बेकाबू होकर सीधे आगे चल रहे भारी ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। महज़ एक पल की इस चूक ने पांच जिंदगियां खत्म कर दीं।
चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। वे उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद राजस्थान के सीकर में स्थित खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे। हादसे में एक महिला और तीन पुरुषों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल युवक की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई।
क्रेन से काटकर निकाली गई कार
हादसा इतना भीषण था कि कार ट्रेलर के नीचे बुरी तरह फंस गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को खींचकर बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू करवाया।
परिजनों का इंतजार
फिलहाल सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि जबलपुर में रहने वाले मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके जयपुर पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Also Read: UP STF ने 4 तस्करों को दबोचा, 92 लाख रुपये का गांजा बरामद

