Lucknow News: चारबाग स्टेशन पर रेस लगा रहा बैटरी रिक्शा रेलवे ट्रैक पर पलटा, यात्रियों की बची जान
Lucknow News: चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सवारियों से भरा एक बैटरी रिक्शा अचानक रेलवे ट्रैक पर पलट गया। इस हादसे में चालक समेत तीन यात्री चोटिल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हादसा रिक्शा चालक की जल्दबाजी और लापरवाही का नतीजा था।
घटना सुबह करीब 11 बजे की है। बैटरी रिक्शा तीन सवारियों को लेकर कानपुर की तरफ बने फुट ओवर ब्रिज के नीचे से गुजर रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, चालक ने आगे चल रहे एक पैदल यात्री से आगे निकलने की होड़ में प्लेटफॉर्म के किनारे से रिक्शा को तेजी से मोड़ा। रफ्तार अधिक होने के कारण रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे प्लेटफॉर्म से नीचे पटरियों पर जा गिरा।
गनीमत रही कि उस वक्त ट्रैक खाली था। हादसे के तुरंत बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री और कुली मदद के लिए दौड़े और घायलों को पटरियों से ऊपर निकाला। मामूली चोटें होने के कारण यात्री प्राथमिक उपचार के बाद वहां से चले गए। बाद में अन्य रिक्शा चालकों की मदद से रिक्शे को ट्रैक से हटाया गया।
इस हादसे ने रेलवे स्टेशन पर बैटरी रिक्शा के संचालन को लेकर सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। नियमों के मुताबिक, बैटरी रिक्शा केवल तभी प्लेटफॉर्म पर जा सकते हैं जब उनकी बुकिंग हो। बाकी समय इन्हें स्टेशन परिसर के निर्धारित स्टैंड पर खड़ा होना चाहिए।

