‘Chhaava’ Review: विक्की कौशल ने संभाजी महाराज के रूप में मचाई धूम, दमदार कहानी और भव्यता का संगम
‘Chhaava‘ Review: विक्की कौशल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘छावा’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर पुत्र संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है, जिनका साहस, बलिदान और संघर्ष इस ऐतिहासिक गाथा को जीवंत बनाता है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रश्मिका मंदाना ने येसुबाई की भूमिका निभाई है, जबकि अक्षय खन्ना ने मुगल शासक औरंगजेब के किरदार में शानदार प्रदर्शन किया है।
कहानी का सार

फिल्म की कहानी 1681 से शुरू होती है, जब औरंगजेब को छत्रपति शिवाजी महाराज के निधन की खबर मिलती है। वह इसे मराठा साम्राज्य के अंत की शुरुआत मानता है, लेकिन उसे अंदाजा नहीं होता कि संभाजी महाराज, जिन्हें ‘छावा’ कहा जाता है, मुगलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनने वाले हैं। छावा बुरहानपुर पर आक्रमण कर मुगलों को करारी शिकस्त देते हैं। इसके बाद औरंगजेब मराठा साम्राज्य को मिटाने और संभाजी महाराज को बंदी बनाने की साजिशें रचता है। इसी संघर्ष और वीरता की गाथा को फिल्म में शानदार तरीके से दिखाया गया है।
निर्देशन और तकनीकी पक्ष

लक्ष्मण उतेकर, जो पहले ‘मिमी’ और ‘लुका छुपी’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, ने इस बार ऐतिहासिक शैली में कदम रखा है। फिल्म की सिनेमेटोग्राफी शानदार है और युद्ध दृश्यों को भव्यता के साथ फिल्माया गया है। ए.आर. रहमान का संगीत फिल्म के भावनात्मक पहलुओं को मजबूती देता है, हालांकि कुछ एडिटिंग कट्स कहानी के प्रवाह को हल्का बाधित करते हैं।
अभिनय की बात करें तो…

विक्की कौशल ने संभाजी महाराज के किरदार को पूरे दमखम और जुनून के साथ निभाया है। उनकी संवाद अदायगी और एक्शन सीक्वेंस दर्शकों को प्रभावित कर रहे हैं। रश्मिका मंदाना की भूमिका छोटी लेकिन प्रभावशाली है। वहीं, अक्षय खन्ना ने औरंगजेब के रूप में जबरदस्त अभिनय किया है, जो फिल्म का मुख्य आकर्षण बन गया है।
देखें या न देखें?
अगर आप ऐतिहासिक फिल्मों के शौकीन हैं और विक्की कौशल की बेहतरीन परफॉर्मेंस देखना चाहते हैं, तो ‘छावा’ को सिनेमाघरों में जरूर देखें। हमारी तरफ से इस फिल्म को 3.5 स्टार्स!

