छिंदवाड़ा बच्चों की मौत मामला: संदिग्ध ‘कोल्ड्रिफ’ सिरप लिखने वाले डॉक्टर गिरफ्तार, फार्मा कंपनी पर भी FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कफ सिरप पीने से कई बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, सिरप का निर्माण करने वाली तमिलनाडु की फार्मा कंपनी पर भी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डॉक्टर की गिरफ्तारी और कंपनी पर FIR

छिंदवाड़ा एसपी अजय पांडे ने जानकारी दी कि बच्चों को संदिग्ध कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ लिखने वाले शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण सोनी को कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तमिलनाडु के कांचीपुरम स्थित निर्माता कंपनी मेसर्स श्रेसन फॉर्मास्युटिकल कंपनी और डॉक्टर प्रवीण सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परासिया बीएमओ (BMO) डॉ. अंकित सहलाम की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें स्पष्ट आरोप लगाया गया था कि कंपनी द्वारा निर्मित सिरप की गुणवत्ता संदिग्ध थी, जिसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर जानलेवा असर पड़ा।

गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए परासिया थाना पुलिस ने सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है:

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 279 (औषधियों का मिश्रण / Adulteration of Drugs)

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (हत्या की कोटि में न आने वाला आपराधिक मानव वध)

ड्रग्स एवं कॉस्मेटिक एक्ट 1940 की धारा 27(ए) (ऐडलट्रेडेट ड्रग्स के उपयोग से मृत्यु होने पर दंडनीय अपराध) और धारा 26।

जांच और अग्रिम निर्देश

डॉ. प्रवीण सोनी सी.एच.सी. परासिया में शासकीय चिकित्सक (MBBS एवं DCH) के रूप में कार्यरत हैं। FIR के अनुसार, 11 मृत बच्चों में से 9 की प्रारंभिक जांच डॉ. सोनी ने ही की थी। राज्य शासन ने पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए एक विशेषज्ञ टीम का गठन किया है। सिरप की सैंपल रिपोर्ट मिलने के बाद यह टीम आगे की विस्तृत कार्रवाई करेगी।

प्रशासन ने सभी मेडिकल स्टोरों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्टोर पर यह संदिग्ध सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ बिक्री के लिए पाया जाता है, तो उस स्टोर का लाइसेंस तत्काल निलंबित कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Also Read: OBC वोट बैंक पर राजभर की ‘चिट्ठी पॉलिटिक्स’, सियासी दलों से पूछा- वोट या हक?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.