यूपी में SIR प्रक्रिया के बीच ‘OTP स्कैम’ का अलर्ट, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दी चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया के बीच एक नए तरह के साइबर स्कैम का मामला सामने आया है, जिसको लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने मतदाताओं को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
OTP मांगने वाले फर्जी कॉल से सावधान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आगाह किया है कि कुछ अराजक तत्व बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या निर्वाचन विभाग का प्रतिनिधि बनकर मतदाताओं से मोबाइल नंबर पर ओटीपी (OTP) मांग रहे हैं।
उन्होंने साफ किया कि गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया में बीएलओ द्वारा ओटीपी नहीं मांगा जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की है, क्योंकि इस प्रकार की गतिविधियाँ साइबर ठगी या धोखाधड़ी के अंतर्गत संदेहास्पद हैं।
ओटीपी साझा न करें, सीधे बीएलओ से संपर्क करें
नवदीप रिणवा ने मतदाताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी मतदाता से फोन कॉल, मैसेज या अन्य माध्यम से ओटीपी मांगने का प्रयास किया जाता है, तो ऐसी कॉल पर ध्यान न दिया जाए। किसी से भी ओटीपी साझा नहीं करें और ऐसी कॉल को अस्वीकार कर दें।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, एसआईआर कार्य में लगे बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रह का कार्य कर रहे हैं और उसे भरने में भी सहयोग कर रहे हैं। मतदाता स्वयं भी गणना प्रपत्र भरकर सीधे अपने बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं। एसआईआर संबंधी प्रक्रिया में ओटीपी या लिंक की कोई आवश्यकता नहीं है।
जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस प्रकार की अफवाहों एवं धोखाधड़ी से निपटने के लिए तत्काल जागरूकता अभियान चलाएं। साथ ही, ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी को सूचित कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे एसआईआर के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देते हुए अपने बीएलओ से ही संपर्क करें।
Also Read: सैफई में आर्यन-सेरिंग की भव्य शादी, देवर की बारात लेकर पहुंचीं डिंपल यादव

