चीन ने ट्रंप को दिया करारा जवाब, अमेरिकी उत्पादों पर लगाया टैरिफ, गूगल जांच के घेरे में
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव एक बार फिर गहराता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन से आयातित वस्तुओं पर 10 प्रतिशत शुल्क लागू करने के तुरंत बाद चीन ने भी पलटवार किया है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को ऐलान किया कि वह अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी टैरिफ लगाएगा।
किन उत्पादों पर लगेगा टैरिफ?
चीन ने कोयला और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) पर 15 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। इसके अलावा कच्चे तेल, कृषि मशीनरी और बड़ी कारों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा। यह कदम ट्रंप के फैसले के बाद चीन की ओर से एक बड़ा आर्थिक जवाब माना जा रहा है।
गूगल जांच के घेरे में
चीन के ‘स्टेट एडमिनिस्ट्रेशन फॉर मार्केट रेगुलेशन’ ने कहा है कि वह गूगल के खिलाफ एंटीट्रस्ट (प्रतिस्पर्धा विरोधी) कानूनों के उल्लंघन के मामले में जांच करेगा। हालांकि, इस जांच के तहत अभी किसी विशेष शुल्क या पाबंदी का उल्लेख नहीं किया गया है। यह घोषणा ट्रंप के शुल्क लागू करने के ठीक बाद की गई है, जिसे व्यापारिक जवाबी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
ट्रंप ने शुल्क को बताया ‘आवश्यक’
ट्रंप ने शनिवार को चीन, मेक्सिको और कनाडा से आयातित वस्तुओं पर कड़े शुल्क लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने कहा था कि ये शुल्क अमेरिकी सुरक्षा के लिए आवश्यक हैं। हालांकि, कनाडा और मेक्सिको के विरोध के बाद उन्होंने इन दोनों देशों पर शुल्क लगाने के फैसले को एक महीने के लिए स्थगित कर दिया है।
चीन ने किया विरोध
संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधि फू कांग ने ट्रंप के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि यह विश्व व्यापार संगठन (WTO) के नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारिक तनाव बढ़ेगा और किसी का भी फायदा नहीं होगा।
चीन और अमेरिका के बीच इस व्यापारिक तनातनी के बीच दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच तनाव बढ़ने की आशंका है।
Also Read: Plane Crash In America: अमेरिका में हुआ विमान हादसा, 67 की मौत, 55 शव बरामद

