चीन ने तैयार की कृत्रिम कोख वाली मशीन, दुनिया में पहली बार प्रेग्नेंसी रोबोट बनेगा
Sandesh Wahak Digital Desk: माँ-बाप बनने की ख्वाहिश रखने वाले उन दंपतियों के लिए बड़ी खबर है, जो सरोगेसी का सहारा लेते हैं। चीन में वैज्ञानिकों ने एक ऐसा रोबोट तैयार किया है, जो किसी सरोगेट महिला की तरह गर्भ में बच्चे को जन्म दे सकेगा। इस रोबोट में एक आर्टिफिशियल वूम्ब (कृत्रिम गर्भाशय) लगाया जाएगा, जो इंसानी गर्भ की तरह काम करेगा।
कैसे काम करेगा प्रेग्नेंसी रोबोट
ग्वांगझोऊ की टेक्नोलॉजी कंपनी काइवा टेक्नोलॉजी ने इस प्रेग्नेंसी रोबोट का कॉन्सेप्ट पेश किया है। कंपनी के संस्थापक डॉक्टर झांग किफेंग ने बताया कि यह रोबोट पूरी तरह से एक इंसानी माँ की तरह 10 महीनों तक गर्भ में बच्चे का पालन-पोषण कर सकेगा।
रोबोट के पेट में एक खास तरह की ट्यूब लगी होगी, जिसके ज़रिए भ्रूण को वैसे ही पोषण और ऑक्सीजन दी जाएगी, जैसे किसी माँ के गर्भ में होता है। इस तकनीक का मकसद उन लोगों को एक आसान और सस्ता विकल्प देना है, जो सरोगेसी के ज़्यादा खर्च और कानूनी पचड़ों से परेशान हैं।
यह तकनीक उन लोगों के लिए वरदान साबित हो सकती है जो माँ-बाप बनने के लिए सरोगेट माँ की तलाश में रहते हैं। जहाँ अमेरिका में सरोगेसी पर 75 लाख रुपए तक का खर्च आता है, वहीं इस रोबोट से बच्चा पाने की लागत लगभग 14 लाख रुपए (1 लाख युआन) होगी। यह तकनीक संतानहीन दंपतियों के लिए उम्मीद की एक नई किरण लेकर आई है।

