China: शादी नहीं तो नौकरी नहीं! चीनी कंपनी के अजीब फरमान पर मचा बवाल, सरकार ने बताया अवैध

China: चीन में एक कंपनी द्वारा जारी किए गए अजीबोगरीब फरमान ने दुनियाभर में हलचल मचा दी है। शेडोंग प्रांत स्थित शेडोंग शंटियन केमिकल ग्रुप कंपनी लिमिटेड ने अपने सिंगल और तलाकशुदा कर्मचारियों को सितंबर 2025 तक शादी करने का अल्टीमेटम दिया था। कंपनी का कहना था कि यदि कर्मचारी तय समयसीमा तक विवाह नहीं करते हैं तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाएगा।

कंपनी का अजीब फरमान

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने अपने नोटिस में कहा था कि 28 से 58 साल के सभी अविवाहित और तलाकशुदा कर्मचारियों को जल्द से जल्द शादी करनी होगी। कंपनी का दावा था कि यह फैसला चीन की पारंपरिक पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए लिया गया था।

कंपनी ने अपने आदेश का बचाव करते हुए कहा, “सिंगल रहना अच्छी बात नहीं है। विवाह दर में सुधार लाने के लिए सरकार की मांग को नकारना गलत होगा।”

आलोचना के बाद कंपनी ने लिया फैसला वापस

इस फरमान के बाद कंपनी की चौतरफा आलोचना शुरू हो गई। कई कानूनी विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों ने इसे चीन के श्रम कानूनों का उल्लंघन बताया। बढ़ते विरोध के चलते कंपनी को अपना फैसला वापस लेना पड़ा और उसने कहा कि किसी भी कर्मचारी को उनकी वैवाहिक स्थिति के आधार पर बर्खास्त नहीं किया जाएगा।

कानूनी अड़चनें और विवाद

चीन के लेबर लॉ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह आदेश पूरी तरह से अवैध था और कर्मचारियों के अधिकारों का हनन करता था। एक सरकारी अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शादी व्यक्तिगत निर्णय है और इसे नौकरी से जोड़ना गलत है।

सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय

चीन में यह मामला सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड करने लगा। कई लोगों ने इसे निजी स्वतंत्रता पर हमला बताया, जबकि कुछ लोगों ने सरकार से इस तरह के मामलों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

हालांकि, कंपनी ने फैसला वापस ले लिया है, लेकिन यह घटना चीन में कर्मचारियों के अधिकारों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर हो रहे हस्तक्षेप पर बहस को हवा दे गई है।

Also Read: शिकागो एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान रनवे पर आया दूसरा प्लेन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.