पहलगाम हमले पर चीन ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग, पाकिस्तान के साथ मिलाया सुर

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की नृशंस हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। जहां भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सिंधु जल संधि को निलंबित किया और पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा पर प्रतिबंध लगाया, वहीं अब इस गंभीर स्थिति पर चीन की प्रतिक्रिया सामने आई है।

चीन ने की पहलगाम हमले पर जांच की मांग

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार से टेलीफोन पर बातचीत के दौरान पहलगाम आतंकी हमले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। चीन की सरकारी मीडिया ‘ग्लोबल टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, वांग यी ने इस हमले को लेकर गहरी चिंता जताई और उम्मीद की कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही देश संयम बरतेंगे।

वांग यी ने यह भी कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए दोनों देशों को संवाद और कूटनीति के रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष जांच जरूरी है।

पाकिस्तान ने चीन को दी ये बड़ी जानकारी

इस बातचीत के दौरान पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने चीन को भारत-पाकिस्तान तनाव से जुड़ी हालिया घटनाओं की जानकारी दी। डार ने दावा किया कि पाकिस्तान क्षेत्र में शांति चाहता है, लेकिन भारत के कदम स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं।

चीन और पाकिस्तान का रिश्ता

गौरतलब है कि चीन और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से रणनीतिक साझेदारी रही है। चीन ने पाकिस्तान में अरबों डॉलर का निवेश किया है और ‘चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा’ (CPEC) जैसी परियोजनाएं इस सहयोग की गवाही देती हैं।

बता दे, भारत की ओर से अभी तक चीन की इस प्रतिक्रिया पर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कूटनीतिक गलियारों में इस बयान को गंभीरता से लिया जा रहा है। क्या भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने में चीन की मध्यस्थता कोई भूमिका निभा पाएगी, अब यह आने वाला समय बताएगा।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.