China’s New Action: चीन की नई उकसावे वाली हरकत, ताइवान ने जताई कड़ी नाराजगी
China’s New Action: चीन और ताइवान के बीच जारी तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ताइवान ने चीन पर आरोप लगाया है कि उसने उसके दक्षिण-पश्चिमी तट पर सैन्य अभ्यास तेज कर दिए हैं, जिससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को खतरा हो सकता है। गुरुवार को ताइवान ने चीन की इस आक्रामक कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
ताइवान ने चीन को बताया सबसे बड़ा खतरा
ताइवान के विदेश मंत्रालय ने चीन के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि “चीन पूरे क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। ताइवान जलडमरूमध्य और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति एवं स्थिरता को नुकसान पहुंचाने वाला यही एकमात्र कारण है।” ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि बीते 24 घंटों में चीन के 45 लड़ाकू विमान और 14 नौसैनिक जहाज ताइवान के नजदीक देखे गए। इनमें से 34 चीनी विमानों ने ताइवान के हवाई और समुद्री क्षेत्र का उल्लंघन किया।
ताइवान की कड़ी प्रतिक्रिया
ताइवान ने चीन की इस उकसावे वाली हरकत का कड़ा जवाब दिया है। ताइवान की नौसेना ने किनमेन द्वीप के पास घुस आईं चार चीनी तट रक्षक नौकाओं को खदेड़ दिया। इसके अलावा, ताइवान ने अपनी सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है और चीन की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है।
चीनी अधिकारी का विवादित बयान
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, एक वार्षिक बैठक में वरिष्ठ चीनी अधिकारी वांग हुनिंग ने बयान दिया कि “ताइवान को मुख्यभूमि चीन के साथ मिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।” यह बयान ताइवान को लेकर चीन की आक्रामक नीति को दर्शाता है।
तनाव बढ़ाने की रणनीति?
चीन ने हाल ही में ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी तट पर गोलीबारी अभ्यास के लिए एक क्षेत्र निर्धारित किया है। चीन ताइवान को अपना अभिन्न हिस्सा मानता है और इसे जरूरत पड़ने पर बलपूर्वक अपने नियंत्रण में लेने की धमकी देता रहा है।
Also Read: दक्षिण अफ्रीका के टेबल माउंटेन में फिर भड़की भीषण आग, हेलीकॉप्टर और दमकल कर्मियों की तैनाती

