Chinnaswamy Stadium Stampede: जीत के जश्न में मौत की चीखें, बेंगलुरु में भगदड़ ने छीनी 11 जिंदगियां
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2025 में ऐतिहासिक जीत के बाद जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम अपनी पहली ट्रॉफी के साथ बेंगलुरु पहुंची, तो जीत की खुशी एक भीषण हादसे में बदल गई। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए।
घटना बुधवार शाम की है, जब विराट कोहली और उनकी टीम ट्रॉफी के साथ स्टेडियम में पहुंचे। जैसे ही यह खबर फैली कि टीम होम ग्राउंड पर मौजूद है, हजारों की संख्या में प्रशंसक स्टेडियम के बाहर उमड़ पड़े। खास बात यह रही कि इस समारोह में एंट्री के लिए किसी तरह की टिकट या पास की आवश्यकता नहीं थी, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई।
प्रशंसकों की दीवानगी, प्रशासन की लापरवाही
टीम के स्वागत और ट्रॉफी जश्न को लेकर कोई स्पष्ट योजना नहीं थी। ना तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद था और ना ही कोई बैरिकेडिंग या दिशा-निर्देश। सूत्रों के मुताबिक, भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और धक्का-मुक्की के बीच कई लोग जमीन पर गिर गए। शाम 6 बजे के आसपास भगदड़ की सूचना सामने आई, और देखते ही देखते 11 लोगों की जान चली गई।
टीम बेंगलुरु एयरपोर्ट पर दोपहर करीब 1 बजे पहुंची थी। पहले ओपन बस में ट्रॉफी परेड का प्लान था, लेकिन पुलिस ने भीड़ को देखते हुए इसकी इजाजत नहीं दी। फिर भी जहां-जहां से टीम की बस गुजरी, प्रशंसकों का हुजूम सड़कों पर उमड़ पड़ा। अनुष्का शर्मा ने भी अपने इंस्टाग्राम पर इस दौरान के वीडियो साझा किए, जिनमें विराट कोहली ट्रॉफी पकड़े हुए दिखाई दिए।
जश्न के बीच गूंजा मातम
शाम करीब 5 बजे टीम चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंची, जहां पहले से ही भारी संख्या में लोग मौजूद थे। सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम न होने के कारण हालात बिगड़ते गए। एक ओर स्टेडियम के भीतर जीत का जश्न चल रहा था, वहीं बाहर घायल लोग अस्पताल पहुंचाए जा रहे थे और मृतकों के शव इकट्ठे किए जा रहे थे।
BCCI ने जताया दुख, सुरक्षा चूक मानी
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह लोकप्रियता का कड़वा सच है कि जब कोई टीम इतनी बड़ी जीत दर्ज करती है, तो आयोजन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आयोजकों को सुरक्षा को लेकर पहले से सतर्क रहना चाहिए था। मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी आईपीएल जीत का जश्न मनाया गया है, जैसे पिछले साल कोलकाता में केकेआर की जीत के बाद, लेकिन वहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई।
Also Read: Ram Mandir: रामनगरी में रचा जा रहा है भव्य इतिहास, श्रीराम दरबार में प्राण प्रतिष्ठा को तैयार…

