लखनऊ में चिराग पासवान का ऐलान, गठबंधन नहीं हुआ तो UP में अकेले उतरेंगे, 403 सीटों पर तैयारी
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में गुरुवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी रणनीति साफ कर दी।
चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की कोशिश करेगी, लेकिन अगर गठबंधन नहीं बनता है तो LJP रामविलास अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों के सामने जितने अधिक विकल्प होंगे, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। पार्टी फिलहाल उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन और चुनावी तैयारी कर रही है।
बिहार के 2020 चुनाव का भी दिया उदाहरण
Chirag Paswan ने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गठबंधन नहीं बन सका था, लेकिन उन्होंने अपने स्तर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उस चुनाव में पार्टी को 6 फीसदी से अधिक वोट मिले, जिससे उसका राजनीतिक महत्व बना।
उत्तर प्रदेश में भी पार्टी ने दोनों विकल्प खुले रखे हैं। मौजूदा राजनीतिक गठबंधन में सीटों को लेकर बातचीत आगे बढ़नी है। चिराग ने कहा कि पार्टी गठबंधन धर्म का पालन करेगी, लेकिन जरूरत पड़ने पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी भी पूरी है।
पिता की पुण्यतिथि पर राजनीति से दूरी
चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने कहा कि रामविलास पासवान की पुण्यतिथि का दिन उनके लिए राजनीतिक चर्चा से अलग है। उन्होंने कहा कि आज वह एक बेटे की भूमिका में हैं और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा अगले दिन से करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राजनीतिक दलों के नेता और जनप्रतिनिधि पहुंचे। रामविलास पासवान के सभी दलों में रहे संबंधों का जिक्र करते हुए चिराग ने कहा कि उनके पिता ने हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर व्यक्तिगत रिश्तों को महत्व दिया।
चिराग ने विपक्ष के प्रदर्शनों को लोकतंत्र का हिस्सा बताते हुए कहा कि मजबूत और सक्रिय विपक्ष से सत्ता पक्ष की जवाबदेही बढ़ती है। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति में जाति और धर्म के बजाय विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा की जरूरत बताई।
Also Read: अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं मुख्यमंत्री, अखिलेश यादव ने CM योगी को दी सीधी चुनौती

