चित्रकूट: 10 हजार की रिश्वत लेते कनिष्ठ लिपिक और प्राइवेट मुंशी गिरफ्तार, जांच शुरु

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत नए साल के पहले ही दिन चित्रकूट में बड़ी कार्रवाई हुई है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (ACO) की बांदा इकाई ने चित्रकूट के कर्वी स्थित उप-निबंधक कार्यालय में तैनात एक कनिष्ठ लिपिक और उसके प्राइवेट मुंशी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

बैनामा कराने के नाम पर मांगी थी घूस

शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार (निवासी ग्राम नोनार, चित्रकूट) ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उनके बैनामे के कार्य के बदले उनसे अवैध धनराशि की मांग की जा रही है। निरीक्षक जाकिर हुसैन के नेतृत्व में गठित टीम ने जाल बिछाया। कनिष्ठ लिपिक वली उज्जमा और प्राइवेट मुंशी आनंद पाल को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

वली उज्जमा: कनिष्ठ लिपिक (उप-निबंधक कार्यालय कर्वी, चित्रकूट)। निवासी: अलीगंज, बांदा।

आनंद पाल: प्राइवेट मुंशी। निवासी: कंठीपुर, चित्रकूट।

‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त निर्देश

पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालयों में जनता का शोषण करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Also Read: लखनऊ: तरुण गाबा समेत कई IPS अफसरों के कंधों पर सजे नए सितारे, डीजीपी ने पहनाए बैज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.