Chitrakoot News: घर की चाभी न देने पर असलहाधारी बदमाशों ने किसान को छत से फेंका, पुलिस जांच में जुटी
Chitrakoot News: कर्वी कोतवाली क्षेत्र के कपसेठी गांव में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने एक किसान पर जानलेवा हमला कर दिया। घर लौटे किसान से बदमाशों ने चाभी मांगी, और मना करने पर न सिर्फ बंदूक की बटों से पीटा बल्कि छत से नीचे भी फेंक दिया। घायल किसान पूरी रात छटपटाता रहा, लेकिन परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
क्या है पूरा मामला?
कपसेठी निवासी 50 वर्षीय रामसजीवन निषाद शुक्रवार को अपनी बहन के यहां बहादुरपुर गए थे, जहां पूजा का कार्यक्रम था। घर लौटते समय रात काफी हो गई थी, इसलिए उन्होंने परिजनों को न जगाकर सीधे छत पर जाकर सोने का फैसला किया। किसान का कहना है कि रात करीब 11 बजे पांच असलहाधारी बदमाश अचानक छत पर आ पहुंचे और उनसे घर की चाभी मांगी। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें बंदूक की बटों से पीटा और फिर करीब 10 फीट ऊंची छत से नीचे फेंक दिया।

रामसजीवन रात भर वहीं पड़े रहे और आवाज लगाते रहे, लेकिन घर के अंदर सो रहे परिजन अनजान बने रहे। सुबह करीब पौने नौ बजे पास के खेत में काम कर रहे एक सब्जी कारोबारी ने उन्हें देखा और परिवार को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले गए। सूचना पर कर्वी प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र प्रताप सिंह और बाद में एसपी अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी ने घायल किसान से अस्पताल में मुलाकात कर जानकारी ली और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार किसान का मेडिकल परीक्षण और एक्सरे कराया गया है, जिसमें कोई गंभीर चोट सामने नहीं आई। पीड़ित के बेटे की तहरीर पर पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इलाके में दहशत का माहौल
पिछले कुछ हफ्तों से चित्रकूट जिले के अलग-अलग गांवों में बदमाशों की सक्रियता की चर्चा है। ग्रामीण रातभर चौकसी करने को मजबूर हैं। कई जगह संदिग्ध लोगों को खदेड़े जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इस वारदात के बाद कपसेठी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। एसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा, “पीड़ित ने खुद को छत से नीचे फेंके जाने और रातभर वहीं पड़े रहने की बात कही है। लेकिन आसपास बस्ती होने के बावजूद किसी को भनक न लगना और परिजनों तक को जानकारी न होना मामले को संदिग्ध बनाता है। सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।”
Also Read: पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा, कार और टेंपो की टक्कर में 5 की मौत, 5 घायल

