‘ज्ञानेश ब्रो इस्तीफा दो’, मुंबई में CJP का बड़ा विरोध प्रदर्शन, नसीरुद्दीन-विशाल भारद्वाज जैसे सितारे भी शामिल
CJP Mumbai Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुंबई के शिवाजी पार्क (Shivaji Park) में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग जुटे। CJP ने इसे ‘जेल भरो आंदोलन’ के तौर पर आयोजित किया है। मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रदर्शन में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, संगीतकार विशाल भारद्वाज और विशाल ददलानी समेत कई फिल्मी हस्तियां पहुंचीं। नसीरुद्दीन शाह ने अभिजीत दिपके की तारीफ करते हुए उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। विशाल भारद्वाज भी प्रदर्शन में पहुंचे, हालांकि उन्होंने मंच से कोई भाषण नहीं दिया।
दिपके ने फडणवीस को दी चुनौती
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती दी कि अगर सरकार प्रदर्शनकारियों को जेल भेजना चाहती है तो उन्हें गिरफ्तार करे। दिपके ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया।
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के अलावा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठा रही है। संगठन ने आंदोलन को आगे देश के दूसरे हिस्सों तक ले जाने की बात कही है। रिपोर्टों के मुताबिक मुंबई के बाद अन्य शहरों में भी प्रदर्शन की योजना है और आगे जंतर-मंतर पर आंदोलन करने का ऐलान किया गया है।
पुलिस ने नहीं दी थी अनुमति, सुरक्षा कड़ी
मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन (CJP Mumbai Protest) की अनुमति देने से इनकार किया था। पुलिस ने इसके पीछे शिवाजी पार्क के इस्तेमाल से जुड़े नियम, जरूरी BMC अनुमति नहीं होने, इलाके के साइलेंस जोन होने, ट्रैफिक जाम और आसपास के अस्पतालों तक आपातकालीन आवाजाही प्रभावित होने की आशंका का हवाला दिया था। पुलिस ने आयोजकों को वैकल्पिक जगह पर प्रदर्शन करने का सुझाव भी दिया था।
इसके बावजूद प्रदर्शन को देखते हुए शिवाजी पार्क और दादर इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई। मुंबई पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस और रिजर्व फोर्स की तैनाती की गई। इलाके में बैरिकेडिंग की गई और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल को तैयार रखा गया।
दिल्ली में भी CEC के खिलाफ प्रदर्शन
मुंबई के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी CEC के इस्तीफे और SIR से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन (Jantar-Mantar SIR Protest) हुआ। यहां विपक्षी दलों के अलावा छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से जुड़े लोग भी जुटे। नई दिल्ली इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ कई जगह बैरिकेडिंग की गई।
CJP ने मुंबई से शुरू हुए आंदोलन को देश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की बात कही है। संगठन का कहना है कि जब तक उसकी प्रमुख मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन (CJP SIR Protest) जारी रहेगा।
Also Read: सुप्रीम कोर्ट का आदेश, ई-चालान नहीं भरने वालों का जब्त करें वाहन! राज्यों को सख्त वसूली के निर्देश

