प्रेमानंद महाराज से मिलने के बदले 5 करोड़ रुपये लेने का दावा फर्जी, विराट कोहली की टीम ने किया खंडन

Sandesh Wahak Digital Desk: खुद को ‘फलाहारी महाराज’ बताने वाले दिनेश शर्मा द्वारा क्रिकेटर विराट कोहली पर लगाए गए आरोपों को लेकर अब बड़ा बयान सामने आया है। दिनेश शर्मा का दावा था कि वर्ष 2023 में जब विराट कोहली पहली बार वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे, तब उन्हें वहां जाने के लिए 5 करोड़ रुपये की मोटी रकम दी गई थी। उनका आरोप था कि ऐसा प्रेमानंद जी की लोकप्रियता बढ़ाने के मकसद से किया गया था। हालांकि, इन संगीन दावों के समर्थन में कोई भी पुख्ता सबूत पेश नहीं किया गया है।

दावे पूरी तरह बेबुनियाद और मनगढ़ंत

इन आरोपों पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए विराट कोहली के आधिकारिक प्रवक्ता ने स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा किए गए सभी दावे पूरी तरह से बेबुनियाद, झूठे और तथ्यों से परे हैं। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज जी में गहरी आस्था और श्रद्धा है, और वे इसी वजह से उनके दर्शन करने जाते हैं। साथ ही मीडिया से भी अपील की गई कि ऐसी अफवाहों और मनगढ़ंत बातों को बिना तथ्य जांचे न फैलाएं।

अध्यात्म से कोहली का गहरा लगाव

विराट कोहली का अध्यात्म की तरफ झुकाव नया नहीं है। वे अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ अक्सर धार्मिक स्थलों और संतों के दर्शन के लिए जाते रहते हैं। प्रेमानंद महाराज के अलावा वे उत्तराखंड स्थिति नीम करोली बाबा के आश्रम में भी माथा टेक चुके हैं। यहाँ तक कि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के तुरंत बाद भी विराट सीधे संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने वृंदावन पहुंचे थे।

Also Read: हम मिशन के लिए जीने वाले लोग, 2047 तक विकसित भारत का सपना होगा पूरा: पीएम मोदी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.