पूर्व PM खालिदा जिया को धीमा जहर दिए जाने का दावा, बीएनपी नेता मिर्जा अब्बास ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के स्वास्थ्य में सुधार न होने के बीच, उनकी बीमारी को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य मिर्जा अब्बास ने शनिवार को आरोप लगाया है कि अवामी लीग की सरकार में जेल में रहने के दौरान खालिदा जिया को स्लो पॉइजनिंग (धीमा जहर) दी गई थी।
बांग्लादेशी मीडिया यूएनबी के अनुसार, मिर्जा अब्बास ने दावा किया कि खालिदा जिया की बीमारी प्राकृतिक नहीं है। उन्होंने कहा, बेगम खालिदा जिया की बीमारी नेचुरल नहीं है। वह एक अजीब स्थिति का शिकार हुई हैं। जब वह जेल में थीं, तो उन्हें स्लो पॉइजनिंग (धीमा जहर) दी गई थी।
मिर्जा अब्बास ने यह बयान रूपोशी बांग्ला फोटोग्राफी एग्जीबिशन के दौरान दिया। उन्होंने देश से अपील की कि हर घर में खालिदा जिया के जल्द ठीक होने के लिए दुआ की जाए। उन्होंने कहा कि खालिदा को लोकतंत्र और देश की आजादी और संप्रभुता को लेकर अपने सख्त रवैये की वजह से जुल्म और दबाव का सामना करना पड़ा। अब्बास ने शुक्रवार रात एवरकेयर हॉस्पिटल में खालिदा जिया से मुलाकात भी की थी।
बेटे तारिक रहमान का भावुक पोस्ट
इससे पहले, खालिदा जिया के बेटे और बीएनपी के एक्टिंग चेयरपर्सन तारिक रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी माँ के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा था। तारिक रहमान ने कहा, ऐसे मुश्किल समय में मैं भी किसी दूसरे बच्चे की तरह अपनी माँ के प्यार भरे स्पर्श के लिए तरसता हूँ। लेकिन कई लोगों की तरह, मुझे इस इच्छा को पूरा करने के लिए एकतरफा फैसला लेने या पूरे अधिकार का इस्तेमाल करने की आजादी नहीं है।
Also Read: UP News: सियासी घमासान के बीच सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भरा SIR फॉर्म, तस्वीर आई सामने

