किश्तवाड़ में बादल फटने से तबाही, 38 लोगों की मौत; 100 से ज्यादा घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में प्रकृति का कहर देखने को मिला है। यहां पाडर के चशोती गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस हादसे में अभी तक 38 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं और 100 से ज़्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 38 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एनडीआरएफ और सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
आपदा की खबर मिलते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस, सेना और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें मिलकर लोगों को बचाने में जुटी हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस हादसे में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के दो जवान भी शहीद हुए हैं।
मचैल माता मंदिर जा रहे थे श्रद्धालु
यह हादसा दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। जिस जगह पर बादल फटा, वह मचैल माता मंदिर जाने का रास्ता है। हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। चशोती गांव में ही श्रद्धालु मोटर वाहन से उतरकर आगे की 8.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू करते हैं। बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में कई दुकानें, एक सुरक्षा चौकी और श्रद्धालुओं के लिए लगा लंगर बह गए। किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने तुरंत बचाव दल को मौके पर भेजा और खुद भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ घटनास्थल पर रवाना हुए।
Also Read: Lucknow News: केजीएमयू में भव्य तिरंगा बाइक व तिरंगा साइकिल रैली आयोजित

