सिंदूर ब्रिज का उद्घाटन कर बोले CM फडणवीस, गुलामी की निशानी मिटा रहे हैं हम

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई में आज एक नया इतिहास रचा गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई में सिंदूर ब्रिज का विधिवत उद्घाटन किया। यह पुल पहले कार्नैक ब्रिज के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब इसे एक नया, गौरवशाली नाम मिला है। इस खास मौके पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी मौजूद थे।

क्यों बदला नाम, फडणवीस ने बताई वजह

सिंदूर ब्रिज के उद्घाटन के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया, यह हम सभी के लिए खुशी का पल है कि मुंबई में सिंदूर ब्रिज का उद्घाटन हो रहा है। हम जानते हैं कि पुराना कार्नैक ब्रिज काफी जर्जर हो चुका था, इसलिए उसे तोड़कर यह नया पुल बनाया गया है।

नाम बदलने के पीछे की वजह बताते हुए सीएम ने कहा, कार्नैक ब्रिज का नाम एक ऐसे ब्रिटिश गवर्नर के नाम पर था जिसने भारतीयों पर, खासकर सतारा के प्रताप सिंह राजे और नागपुर के उद्धव राजे पर काफी अत्याचार किए थे। उसने षड्यंत्र रचकर कई लोगों की जान ली। इसलिए हमने इस अत्याचारी गवर्नर का नाम हटाकर सिंदूर नाम देने का फैसला किया। उन्होंने आगे कहा, हम सभी जानते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर भारतवासियों के दिलों में बसा हुआ है। यह वो ऑपरेशन था जब भारत ने पहली बार अपनी ताकत दिखाते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को खत्म किया था।

गुलामी की निशानी मिटाने की पहल

सीएम फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार कहा है कि स्वतंत्रता के अमृतकाल में हमें गुलामी की निशानियों को मिटाकर अपनी निशानियों को प्राथमिकता देनी है। इसी कड़ी में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

Also Read: UP News: भाजपा के करीब गए सपा विधायकों की सदस्यता पर चली कैंची, विधानसभा से हुए बाहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.