दुर्गापुर गैंगरेप पर सीएम ममता बनर्जी ने प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों को दी सुरक्षा सुनिश्चित करने की नसीहत
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की हृदय विदारक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गहरा दुःख और आक्रोश व्यक्त किया है।
सीएम ममता बनर्जी ने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को किसी भी क़ीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान निजी मेडिकल कॉलेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और उन्हें अपनी छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की ज़िम्मेदारी लेने की नसीहत दी।
सीएम ममता बनर्जी ने कहा, लड़की एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही थी। इसकी ज़िम्मेदारी किसकी है? निजी मेडिकल कॉलेजों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने छात्रों, ख़ासकर छात्राओं की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। रात में उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
उन्होंने घटना को वन क्षेत्र में हुई बताते हुए आश्चर्य व्यक्त किया, वह रात के 12.30 बजे कैसे बाहर आई? जहाँ तक मुझे पता है, घटना वन क्षेत्र में हुई थी। मुझे नहीं पता कि क्या हुआ। जाँच जारी है, लेकिन प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों को भी अपने छात्रों, ख़ासकर लड़कियों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि पुलिस घर पर बैठी नहीं रहेगी, लेकिन कॉलेजों को भी अपनी ज़िम्मेदारी निभानी होगी।
ज़ीरो टॉलरेंस नीति, तीन आरोपी गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ़्तार कर लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल में ऐसी घटनाओं के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है और दोषियों को सख़्त से सख़्त सज़ा दी जाएगी।
ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएँ सिर्फ़ पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मणिपुर, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों में भी हुई हैं, जहाँ सरकारों को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती है और कई मामलों में एक-दो महीने के भीतर चार्जशीट दाख़िल कर दोषियों को सज़ा दिलाई गई है। हमारी सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
Also Read: बिहार चुनाव: RJD का दो-टूक बयान, इस फॉर्मूले पर होगा सीटों का बंटवारा; तेजस्वी ही CM चेहरा

