बिहार में प्रचंड जीत पर CM नीतीश कुमार का पहला बयान, PM मोदी और गठबंधन के साथियों का जताया हृदय से आभार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को मिली बंपर जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पहला बयान सामने आया है। प्रचंड बहुमत की ओर अग्रसर होने पर, सीएम नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेताओं का आभार व्यक्त किया है।
सीएम नीतीश का आभार संदेश
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर राज्य की जनता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की “बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग का विशेष उल्लेख करते हुए उनका नमन किया।
गठबंधन की एकजुटता और भविष्य का संकल्प
नीतीश कुमार ने इस जीत को गठबंधन की एकजुटता का परिणाम बताया और सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया। “एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए गठबंधन के सभी साथियों चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेन्द्र कुशवाहा को भी धन्यवाद एवं आभार।” उन्होंने संकल्प लिया कि सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा और देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
जीत की स्थिति: NDA प्रचंड बहुमत की ओर
शाम 6 बजे तक निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 243 विधानसभा सीटों में एनडीए करीब 202 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है या जीत हासिल कर चुका है, जिससे वह प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
NDA: 202 सीटों पर बढ़त/जीत
महागठबंधन: 35 सीटों पर बढ़त/जीत
प्रमुख नेताओं की जीत
प्रेम कुमार (वरिष्ठ भाजपा नेता/कृषि मंत्री): गया शहर सीट पर लगातार जीत, 26,000 से अधिक मतों से हराया।
महेश्वर हजारी (JDU नेता/सूचना मंत्री): कल्याणपुर (सु) सीट पर चौथी बार जीत, 38,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।
संजय सरावगी (राजस्व मंत्री): दरभंगा सीट पर लगातार पांचवीं जीत, 24,500 से अधिक मतों से जीत दर्ज की।

