‘सदमे में थी लेकिन अब…’, जन सुनवाई में खुद पर हुए हमले के बाद CM रेखा गुप्ता का पहला बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हुए हमले के बाद उनका पहला बयान सामने आया है। उन्होंने इसे सिर्फ अपने ऊपर नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को हल करने की उनकी प्रतिबद्धता पर ‘एक कायराना कोशिश’ बताया है। सीएम ने कहा कि वह हमले से सदमे में थीं, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रही हैं।
आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के हमारे संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास है।
स्वाभाविक है कि इस हमले के बाद मैं सदमे में थी, परन्तु अब बेहतर महसूस कर रही हूँ। मैं अपने सभी शुभचिंतकों से निवेदन करती हूँ कि…
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 20, 2025
CM रेखा गुप्ता ने X पर क्या लिखा?
मुख्यमंत्री ने अपने ऑफिशियल एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के हमारे संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास है।”

उन्होंने अपने शुभचिंतकों से मिलने के लिए परेशान न होने की अपील करते हुए कहा कि वह जल्द ही काम पर लौटेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे हमले उनके हौसले को नहीं तोड़ सकते और अब वह पहले से अधिक ऊर्जा के साथ जनता के बीच रहेंगी। उन्होंने लोगों के समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।
कैसे हुआ हमला?
यह घटना सुबह करीब 8:15 बजे की है, जब सीएम अपने आवास पर जन सुनवाई कर रही थीं। राजेशभाई खिमजी नामक एक व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर उनके सामने पहुंचा। अचानक उसने सीएम का हाथ पकड़ने की कोशिश की और धक्का देने की मंशा से उन्हें गिराने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, कुछ लोगों ने दावा किया कि सीएम को थप्पड़ मारा गया, लेकिन पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि यह मामला धक्का-मुक्की और हाथ पकड़ने तक ही सीमित था।
आरोपी पर केस दर्ज, 5 आपराधिक मामले पहले से
पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 132 और 221 के तहत मामला दर्ज किया है। उस पर सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, उनके काम में बाधा डालने और हत्या के प्रयास जैसे आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजेशभाई खिमजी पर पहले से ही 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 3 शराब तस्करी और 2 मारपीट के मामले हैं। पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।
Also Read: यूपी में बड़ा एक्शन, फर्जी मार्कशीट से नौकरी कर रहे 22 शिक्षक बर्खास्त, दर्ज होगी FIR

