CM सिद्धारमैया का एक्शन: आपत्तिजनक वीडियो केस में नपे DGP रामचंद्र राव

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक पुलिस महकमे से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने नागरिक अधिकार प्रवर्तन (DCRE) के महानिदेशक (DGP) रैंक के वरिष्ठ अधिकारी के. रामचंद्र राव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कड़ी कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक कथित अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद की गई है, जिसमें अधिकारी को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया था।

क्या है पूरा मामला?

सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ, जिसमें कथित तौर पर डीजीपी रामचंद्र राव को दिखाया गया था। वीडियो के सामने आते ही प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। हालांकि, डीजीपी रामचंद्र राव ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए वीडियो को ‘मनगढ़ंत और झूठा’ करार दिया है। उनका दावा है कि यह उनकी छवि खराब करने की एक साजिश है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का सख्त रुख

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने स्पष्ट कर दिया था कि अनुशासनहीनता और अनैतिक व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बयान देते हुए कहा “कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कितना भी वरिष्ठ अधिकारी क्यों न हो। मुझे सुबह ही इस मामले की जानकारी मिली थी और हमने तुरंत अनुशासनात्मक जांच के आदेश दे दिए हैं।”

जांच और सस्पेंशन

वीडियो की शुरुआती पुष्टि और प्रथम दृष्टया इसे पद की गरिमा के खिलाफ मानते हुए कर्नाटक सरकार ने निलंबन की कार्रवाई की। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि वीडियो असली है या इसे तकनीक (जैसे डीपफेक) के जरिए तैयार किया गया है। लेकिन जांच पूरी होने तक राव को उनके पद से हटा दिया गया है।

Also Read: यूपी में मौसम का ‘यू-टर्न’: कड़ाके की ठंड के बीच अब बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर में कब बदलेंगे मिजाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.