सीएम योगी का बड़ा एक्शन, 24 घंटे के भीतर पूर्व सैनिक की बेटी को वापस मिला घर, दबंग गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नए साल के पहले ही दिन अपने जनता दर्शन में एक्शन मोड में नजर आए। चंदौली के दबंगों द्वारा मकान हड़पे जाने से परेशान पूर्व मेजर की बेटी अंजना जब मुख्यमंत्री के पास अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं, तो सीएम ने तत्काल अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। नतीजा यह हुआ कि अगले 24 घंटे में अंजना के घर से दबंगों का कब्जा हट गया और आरोपी सलाखों के पीछे पहुँच गए।
अंजना के पिता स्वर्गीय बिपिन चंद्र भट्ट सेना में मेजर थे। लखनऊ के इंदिरा नगर में उनका अपना मकान (A-418) है। 1994 में मेजर साहब के निधन के बाद परिवार में अंजना के अलावा अब कोई नहीं बचा है। मानसिक बीमारी (सीजोफ्रेनिया) से जूझ रही अंजना का जब इलाज चल रहा था, उसी का फायदा उठाकर बलवंत यादव और मनोज कुमार यादव नाम के दो दबंगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके मकान पर कब्जा कर लिया और वहां अपना बोर्ड टांग दिया। पीड़िता ने दिसंबर में थाने के चक्कर काटे, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो वे बुधवार को मुख्यमंत्री के दरबार में जा पहुंचीं।
अंजना की व्यथा सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और पुलिस को सख्त लहजे में कहा कि गरीब और असहाय की संपत्ति पर कब्जा करने वालों को बख्शा न जाए। सीएम का निर्देश मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा, दबंगों का बोर्ड उखाड़ा गया और मकान खाली कराकर अंजना को चाबियाँ सौंपी गईं। पुलिस ने जालसाजी और दबंगई के आरोप में बलवंत यादव और मनोज कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

भावुक हुईं अंजना, गॉड ब्लेस यू योगी अंकल
जब पुलिस ने अंजना को उनके घर के भीतर ले जाकर कब्जा सौंपा, तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। राहत और सुकून भरी मुस्कान के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा, थैंक्यू योगी अंकल, गॉड ब्लेस यू। लखनऊ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी बेसहारा व्यक्ति की संपत्ति पर कब्जा करने वालों का हश्र यही होगा।

