सीएम योगी के आवास पर गूंजा शबद कीर्तन, साहिबजादों के बलिदान को किया नमन
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीर बाल दिवस और गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कीर्तन समागम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी पूरी तरह भक्ति भाव में नजर आए। उन्होंने न केवल गुरु ग्रंथ साहिब के आगे माथा टेका, बल्कि बच्चों द्वारा गाए गए शबद कीर्तन को भी तन्मयता से सुना।
मुख्यमंत्री ने गुरु गोबिंद सिंह के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को याद करते हुए कहा कि यह दिन हर भारतीय युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘वीर बाल दिवस’ को राष्ट्रीय मान्यता मिलने से अब नई पीढ़ी को स्कूलों और कॉलेजों में भी इन महान बलिदानियों की गाथाएं पढ़ने को मिल रही हैं।
आज 140 करोड़ का हिन्दुस्तान और दुनिया के अंदर जहां सनातन धर्मावलंबी और सिख रहते हैं, वह गुरु गोविंद सिहं महाराज जी के प्रति, गुरु नानक देव जी के प्रति, बदिलानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहा है: मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath #VeerBalDiwas pic.twitter.com/aA8MmOPNJq
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) December 26, 2025
भक्ति और शक्ति का मार्ग
सीएम योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जो अलख जगाई, उसे गुरु तेग बहादुर जी और गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने त्याग और बलिदान से सींचा। सिख गुरुओं की परंपरा ही भारत की प्रगति का असली मार्ग है। उन्होंने सिख धर्म की लंगर परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह सामाजिक एकता का सबसे बड़ा उदाहरण है, जहाँ बिना जाति-धर्म पूछे सबको एक साथ भोजन कराया जाता है। सीएम ने खुशी जाहिर की कि अब साहिबजादों का इतिहास किताबों का हिस्सा है, ताकि आने वाली पीढ़ी जान सके कि धर्म और देश के लिए कैसे सर्वस्व न्योछावर किया जाता है।
लंगर में शामिल हुए मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने छोटे साहिबजादे नाम की पुस्तक का विमोचन किया और कीर्तन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन अरदास के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और असीम अरुण के साथ लंगर में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

