प्रकाश पर्व पर सीएम योगी ने गुरु गोबिंद सिंह जी को किया नमन, बोले- अधर्म के खिलाफ उनका संघर्ष मानवता के लिए प्रेरणा

Sandesh Wahak Digital Desk: सिखों के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक, ‘दशमेश पिता’ श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नमन किया है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए उन्होंने गुरु साहिब के त्याग और साहस को याद करते हुए देशवासियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में गुरु साहिब को साहस और त्याग की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने लिखा, अन्याय और अधर्म के विरुद्ध आपका संघर्ष और धर्मरक्षा का संदेश संपूर्ण मानवता को सत्य, निष्ठा एवं निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने गुरु महाराज के चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारने की बात कही।

समाज के लिए प्रकाश-स्तंभ हैं गुरु साहिब के विचार

वहीं, उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी प्रदेशवासियों को लख-लख बधाइयां दीं। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने समाज को समानता, प्रेम और भाईचारे का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी एक प्रकाश-स्तंभ की तरह हमारा मार्गदर्शन कर रहा है। उनकी शिक्षाएं किसी एक धर्म के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के कल्याण के लिए हैं।

धूमधाम से मनाया जा रहा प्रकाश उत्सव

आपको बता दें कि हर साल पौष माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती मनाई जाती है। इस मौके पर लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश के गुरुद्वारों में विशेष रौनक है। सुबह से ही गुरुद्वारों में अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जा रहे हैं। शबद कीर्तन और अरदास के जरिए गुरु साहिब को याद किया जा रहा है। भारी संख्या में संगत मत्था टेकने पहुंच रही है और लंगर सेवा का आयोजन किया जा रहा है।

Also Read: पीएम मोदी ने गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर किया नमन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.