‘PDA तो बहाना है, असली मकसद तो…’, सीएम योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय बजट 2026 पर छिड़ी राजनीतिक जंग के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे बड़ा जुबानी हमला बोला है। अखिलेश के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे को सीएम योगी ने एक सियासी ढकोसला करार दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उस आरोप का करारा जवाब दिया, जिसमें उन्होंने बजट में PDA की अनदेखी की बात कही थी। सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दलों को समाज के पिछड़ों या दलितों की फिक्र नहीं है, उन्हें तो बस अपने ‘परिवार’ की चिंता सताती है।

सत्ता में रहते क्यों याद नहीं आया PDA?

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव से सीधा सवाल किया कि जब वे उत्तर प्रदेश की सत्ता में थे, तब उन्हें PDA की याद क्यों नहीं आई? योगी ने कहा, “आज जो लोग बजट पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें बताना चाहिए कि उनके कार्यकाल में गरीबों और पिछड़ों को उनका हक क्यों नहीं मिला? तब उन्हें सिर्फ अपने परिवार के विकास की चिंता थी, लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, जिसमें यूपी के 6 करोड़ नागरिक शामिल हैं।”

बजट को बताया भविष्य का ‘ब्लूप्रिंट’

केंद्रीय बजट की तारीफ करते हुए सीएम योगी ने इसे विकसित भारत का आधार बताया। उन्होंने कहा “यह बजट आत्मनिर्भर भारत का विजन है। जो लोग भविष्य की कोई योजना नहीं रखते और दूरदृष्टिहीन हैं, वही ऐसी निरर्थक बातों और नारों में उलझे रहते हैं।” सीएम ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा बजट की आलोचना को भी सिरे से खारिज कर दिया।

यूपी बनेगा डिफेंस हब, फरवरी में आएगा राज्य का बजट

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय बजट में रक्षा क्षेत्र (Defense Sector) के लिए जो भारी आवंटन हुआ है, उसका सबसे ज्यादा फायदा उत्तर प्रदेश को मिलेगा। यूपी अब देश में रक्षा विनिर्माण का बड़ा केंद्र बन चुका है, जिससे निवेशकों और स्थानीय युवाओं को लाभ होगा।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी घोषणा की कि केंद्रीय बजट की तर्ज पर ही उत्तर प्रदेश सरकार फरवरी में अपना बजट पेश करेगी, जो ‘डबल इंजन’ सरकार की नीतियों के साथ प्रदेश की जनता के लिए खुशहाली लाएगा।

Also Read: ‘केशव चाचा न्याय करो’ के नारों से गूंजा डिप्टी सीएम का आवास, 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.