विधानसभा में सीएम योगी ने सपा पर बोला तीखा हमला, बोले- अवैध कब्जा करने वालों पर बुलडोजर नहीं रुकेगा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के भीतर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पुराने और चिर-परिचित तेवर में नजर आए। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखे बाण छोड़े और साफ कर दिया कि प्रदेश में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
अवैध कब्जों और अतिक्रमण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सदन को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकारी स्मारकों और ऐतिहासिक जगहों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सरकार की सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने कहा, अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलने से कोई नहीं रोक सकता। जो भी कब्जा करेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। सीएम ने कहा कि 2017 से पहले यूपी की पहचान दंगों और अराजकता से थी, लेकिन आज देश-दुनिया में लोग यूपी की सुरक्षा की तारीफ करते हैं।
मुख्यमंत्री ने सपा की नीतियों और उनके PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर सवाल उठाते हुए एक शेर का सहारा लिया। उन्होंने कहा, तू इधर-उधर की बात न कर, ये बता कि काफिला क्यों लुटा? उन्होंने सपा से पूछा कि क्या पूजा पाल पीडीए का हिस्सा नहीं थीं? सीएम ने आरोप लगाया कि सपा ने अपने शासनकाल में पूरे राज्य के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था और अराजकता का तांडव रचा था।
विपक्ष में हैं, तो आलोचना तो करेंगे ही
विपक्ष के टोका-टोकी पर चुटकी लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं समझ सकता हूं कि आप विपक्ष में हैं, तो सरकार के अच्छे काम की आलोचना करना आपकी मजबूरी है। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि यदि यही सलाह 9 साल पहले अपनी सरकार को दी होती, तो आज प्रदेश का ज्यादा भला होता।
सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता राज्य में भयमुक्त माहौल बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि आज जब यूपी का कोई व्यक्ति बाहर जाता है, तो उसे सम्मान की नजर से देखा जाता है और यह बदलाव सुरक्षा के कारण ही आया है।
Also Read: UP Politics: बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों के सहभोज पर शिवपाल यादव का तंज, सपा में आने का दिया न्योता

