CM योगी का बलरामपुर दौरा कल, 825 करोड़ की सौगात से पर्यटन और इन्फ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बूस्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुरवासियों को विकास की बड़ी सौगात देने के लिए तैयार हैं। गोरखपुर पीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ रविवार, 28 सितंबर 2025 को मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन-पूजन के बाद जिले को ₹825.29 करोड़ की कुल 124 परियोजनाओं की भेंट देंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पुलिस और परिवहन सहित अनेक क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

घुघुलपुर पॉलिटेक्निक का लोकार्पण; जाम से मिलेगी मुक्ति

​जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री रविवार सुबह मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन-पूजन और गोसेवा के बाद जनपद के लिए विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

​मुख्यमंत्री ₹256 करोड़ से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें सबसे महत्वपूर्ण है राजकीय पॉलीटेक्निक, घुघुलपुर, बलरामपुर के भवन का लोकार्पण, जिसका शिलान्यास 17 फरवरी 2020 को किया गया था और यह ₹2029.00 लाख की लागत से बनकर तैयार हुआ है।

​लोकार्पित होने वाली अन्य प्रमुख परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन, ट्रांजिट हॉस्टल, राजकीय आईटीआई बेलीकलान तुलसीपुर और विशुनपुर विश्राम में छात्रावास, थाना कोतवाली देहात समेत चार थानों में हॉस्टल/बैरक, जिला मेमोरियल अस्पताल में ओपीडी और देवीपाटन मंदिर में फसाड लाइटिंग का शुभारंभ शामिल है।

फोरलेन सड़क और 62 नई परियोजनाओं का शिलान्यास

​मुख्यमंत्री ₹568 करोड़ की लागत से 62 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। श्रद्धालुओं को तुलसीपुर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ओवरब्रिज का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा, मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के लिए 1.75 किमी लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण का शिलान्यास भी होगा, जिस पर लगभग ₹261 करोड़ खर्च होंगे।

​घुघुलपुर में बस स्टेशन का निर्माण, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में 15 आवास, लौकीखुर्द, त्रिलोकपुर व रेहराचौकी में राजकीय नवीन हाईस्कूल, थारू विकास परियोजना के तहत कंप्यूटर व सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शैक्षणिक भवन/छात्रावास ब्लॉक का शिलान्यास भी शामिल है। गैसड़ी में बरात घर और उतरौला में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की भी नींव रखी जाएगी।

​यह दौरा बलरामपुर जिले को शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई गति देगा, जिससे क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित होंगी। योगी आदित्यनाथ का बलरामपुर जिले से जुड़ाव साफ तौर पर नजर आता है। यह जुड़ाव होना ना केवल बलरामपुर के जिलेवासियों के लिए लाभदायक साबित हो रहा है। बल्कि उनके जिले के प्रति प्रेम कहीं ना कहीं विकास की नई गाथाएं भी लिख रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बलरामपुर जिले से इसलिए भी विशेष जुड़ाव रहा है कि वह गोरखनाथ पीठ के पीठाधीश्वर हैं, और यहां पर गोरक्षनाथ पीठ के अंतर्गत संचालित होने वाला देवीपाटन शक्तिपीठ पड़ता है।

Also Read: ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद: बृजभूषण शरण सिंह का बयान, कहा- सद्भाव बिगाड़ने की मंशा बर्दाश्त नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.