JPNIC पर CM योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- जनता के पैसे की हुई लूट, मांगें माफी
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 305 करोड़ रुपये से अधिक की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा में उन्होंने लखनऊ के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि JPNIC की शुरुआती लागत 200 करोड़ रुपये थी। इसके बावजूद 864 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और काम अभी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इसे पूरा करने में 150-200 करोड़ रुपये और लग सकते हैं। योगी ने आरोप लगाया कि JPNIC को निजी कंपनी के जरिए चलाने की योजना थी। उन्होंने इसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव का नाम लिया। हालांकि, ये आरोप मुख्यमंत्री ने लगाए हैं।
‘सपा का मतलब लूट-खसोट’
योगी ने कहा कि JPNIC की कमाई एक परिवार तक पहुंचाने की साजिश थी। उन्होंने सपा को ‘डकैतों का गिरोह’ बताया और अखिलेश यादव से कथित कुशासन और भ्रष्टाचार के लिए जनता से सार्वजनिक माफी मांगने को कहा।
उन्होंने तंज कसते हुए अखिलेश को ‘बबुआ’ कहा। बोले कि दोपहर 12 बजे नींद से उठने के बाद उनका दिमाग कैसे काम करेगा।
पुराने शासन पर भी साधा निशाना
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में विकास और सुरक्षा की स्थिति खराब थी। स्कूल जर्जर थे और माफियाओं का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि अब ‘एक जिला-एक माफिया’ नहीं, बल्कि ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ है।
योगी ने इंसेफेलाइटिस का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि 40 साल में 50 हजार बच्चों की मौत हुई, लेकिन सपा-कांग्रेस सरकारों के किसी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री ने हाल नहीं लिया।

