Bareilly News: सीएम योगी का पिछली सरकारों पर हमला, बोले- 2017 से पहले होती थी नौकरियों की डकैती
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बरेली में कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। बरेली कॉलेज मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले नौकरियों की लूट होती थी, जहाँ ‘चाचा’ और ‘बबुआ’ जैसे लोग वसूली करते थे।
सीएम योगी सुबह 10:30 बजे राजकीय वायुयान से बरेली पहुँचे। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद उन्होंने 223 विकास कार्यों का लोकार्पण और 322 नए कार्यों का शिलान्यास किया।
‘दंगों का दाग हटाकर नाथ कॉरिडोर से मिली पहचान’
मुख्यमंत्री ने बरेली को विकास कार्यों की बधाई देते हुए कहा कि पहले इस शहर की पहचान दंगों से होती थी, लेकिन 2017 के बाद अब यह ‘नाथ कॉरिडोर’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार आती है तो विकास और समृद्धि लाती है। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने वोटबैंक की राजनीति और तुष्टिकरण को खत्म कर सबको समान रूप से विकास का लाभ दिया है।
युवाओं को मिली रोजगार और पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने युवाओं को पहचान का संकट नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर दिए हैं। उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी स्कीम’ के तहत 70,000 युवाओं को 5 लाख रुपये तक का गारंटी-मुक्त और ब्याज-मुक्त ऋण दिया गया है। जनसभा के दौरान 6,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए गए।
सीएम योगी ने हजियापुर में बरेली मंडल के पहले यूनानी मेडिकल कॉलेज का भी लोकार्पण किया। इस कॉलेज के शुरू होने से इलाज और पढ़ाई दोनों में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।
Also Read: लखनऊ पुलिस का सराहनीय कदम, महिला पुलिसकर्मियों को संवेदनशील व्यवहार का प्रशिक्षण

