जो लालटेन की केरोसिन बेचकर अंधेरा करते थे, वो अब राशन हजम करने आए हैं, CM योगी का महागठबंधन पर हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रक्सौल (पूर्वी चंपारण) में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बिहार के महागठबंधन (RJD-Congress) पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने जंगलराज को नई पैकिंग में आया खतरा बताते हुए बिहार की जनता को सचेत किया।

सीएम योगी ने लालू-राबड़ी शासनकाल की याद दिलाते हुए महागठबंधन पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार को 1990 से 2005 के बीच जातीय संघर्ष, नरसंहार, अपहरण और डकैती के दौर में झोंकने वाले अब फिर वोट मांगने निकले हैं। यह वही लोग हैं जिन्होंने लालटेन की केरोसिन को बेचकर अंधेरा करते थे, फिर घरों में डकैती भी डालते थे। वही लोग अब फिर आए हैं आपका राशन हजम करने के लिए।

उन्होंने जोर दिया कि बिहार को अब जंगलराज’ नहीं, बल्कि सुशासन और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ना है, और यह काम केवल NDA की डबल इंजन सरकार ही कर सकती है। सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार की उपलब्धियों का उदाहरण दिया और कहा कि यही मॉडल बिहार में भी लाना है। हमने यूपी में 8 साल में 8.5 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी और 2 करोड़ से अधिक को स्व-रोजगार से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि यूपी में नौजवानों का पलायन रुका है, क्योंकि रोजगार घर के पास है। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और RJD ने हमेशा विरासत और विकास दोनों का विरोध किया है। कांग्रेस और राजद ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, लेकिन आज अयोध्या में भव्य रामलला मंदिर बनकर तैयार है। उन्होंने सीतामढ़ी में माँ जानकी के भव्य मंदिर निर्माण की ओर इशारा किया और कहा कि यह कार्य वही कर सकते हैं, जो विरासत का सम्मान जानते हैं।

जो राम का है, वही हमारे काम का है

सीएम योगी ने युवाओं को आगाह किया कि महागठबंधन नौकरी के नाम पर धोखा देने निकला है, जबकि उनकी सरकार ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 50 करोड़ को स्वास्थ्य सुविधा जैसी ग्राउंड पर उतरी योजनाएँ दी हैं। रैली के अंत में उन्होंने स्पष्ट राजनीतिक संदेश देते हुए कहा, जो राम का है, वही हमारे काम का है। जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं।

Also Read: ‘वोट चोरी’ को बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में कांग्रेस, 5 करोड़ हस्ताक्षर लेकर राष्ट्रपति से मिलेगा डेलिगेशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.