गोरखपुर-बस्ती मंडल के विकास की नई रफ्तार तय करने जुटे सीएम योगी, जनप्रतिनिधियों संग की अहम बैठक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर और बस्ती मंडल के जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। यह बैठक एनेक्सी भवन सभागार में आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री ने दोनों मंडलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों की आगामी विकास परियोजनाओं और ज़रूरतों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से तैयार किए गए डिजिटल प्रेजेंटेशन के अवलोकन से हुई, जिसमें गोरखपुर और बस्ती मंडल की प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की रूपरेखा पेश की गई।

विधानसभावार ज़रूरतों पर चर्चा, सड़कों को लेकर मांगे गए प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से उनके-अपने क्षेत्रों की सड़क संबंधी जरूरतों और भावी योजनाओं पर संवाद किया। उन्होंने कहा, “जो भी नई सड़क परियोजनाएं जन आकांक्षाओं के अनुरूप हैं, उनके प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शासन को भेजे जाएं। ऐसे सभी प्रस्तावों पर त्वरित कार्यवाही होगी।”
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों की सहमति से प्राथमिकता तय कर, पहले उन्हीं सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, जिनसे ज्यादा से ज्यादा आबादी लाभान्वित हो। शेष परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
इंटरस्टेट और फोरलेन कनेक्टिविटी पर फोकस
सीएम ने बताया कि राज्य सरकार ने इंटरस्टेट और फोरलेन सड़कों के निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसका फायदा अब गोरखपुर-बस्ती मंडल को भी मिलने लगा है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों की सड़कों को सीएम ग्रिड योजना में शामिल कर तेजी से विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए कि सभी सड़क परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें ताकि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो।

बाढ़ से प्रभावित सड़कों पर विशेष योजना
बैठक में कुछ जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे इलाकों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए और आवश्यकता पड़ने पर आपदा राहत निधि का इस्तेमाल करते हुए मरम्मत कार्य समय रहते पूरा किया जाए।
पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने धार्मिक स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस पर सीएम योगी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जिन मंदिरों या धार्मिक स्थलों का विकास किया गया है या हो रहा है, उन्हें प्रमुख मार्गों से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “गोरखपुर और बस्ती मंडल विकास की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं। जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों के ब्रांड एंबेसडर हैं।” उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे जनता के बीच रहकर विकास की योजनाओं का प्रचार करें, उनकी अपेक्षाओं को समझें और उसके अनुसार नए प्रस्ताव शासन को भेजें।
बैठक में कई अहम चेहरे रहे मौजूद
इस अहम बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, गोरखपुर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम, और विभागाध्यक्ष अशोक द्विवेदी समेत गोरखपुर-बस्ती मंडल के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow News: सिख समाज ने महापौर सुषमा खर्कवाल का किया सम्मान, इन मुद्दों पर हुई…

