सीएम योगी का कड़ा निर्देश, जमीन कब्जाने वाले दबंगों को भेजें जेल
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आम जनता से सीधा संवाद किया। करीब 150 फरियादियों के बीच खुद चलकर पहुंचे मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि प्रदेश में किसी भी गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, जमीन कब्जाने वाले दबंगों और भू-माफियाओं को सीधा जेल भेजें। सरकारी मशीनरी यह सुनिश्चित करे कि हर पीड़ित को बिना किसी भेदभाव के न्याय मिले। जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा, पैसे की कमी की वजह से किसी भी नागरिक का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज का एस्टीमेट जल्द से जल्द बनाकर शासन को भेजें, ताकि तुरंत बजट जारी किया जा सके।
गोसेवा और बच्चों के साथ बिताया वक्त
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री की दिनचर्या पूरी तरह पारंपरिक रही। उन्होंने गुरु गोरखनाथ का पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर मत्था टेका। इसके बाद वे मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और चारा खिलाया। मंदिर भ्रमण के दौरान जब वे वहां आए बच्चों से मिले, तो उन्होंने बच्चों को खूब दुलारा और उन्हें चॉकलेट भी बांटी।
Also Read: ‘सपा सिर्फ एक खानदान की पार्टी, SIR पर फैला रही है झूठ’, बृजेश पाठक का अखिलेश यादव पर हमला

