सीएम योगी का निर्देश: ANTF होगी और मजबूत, त्वरित सुनवाई के लिए हर थाने में होगी तैनाती

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को और अधिक प्रभावी और सक्षम बनाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को एक समीक्षा बैठक में उन्होंने फोर्स को मजबूत करने, संसाधनों को उन्नत करने और मामलों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

संरचना और संसाधन होंगे मजबूत

मुख्यमंत्री ने ANTF के सभी छह थानों और आठ यूनिटों के लिए स्थायी मैनपावर की तैनाती के निर्देश दिए हैं, जिनमें निरीक्षक, उपनिरीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर, और आरक्षी शामिल हैं। आवश्यक मैनपॉवर की स्थायी तैनाती और विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था जल्द पूरी की जाएगी। ANTF टीम को आधुनिक उपकरण, डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम और उन्नत तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि कार्रवाई तेज और सटीक हो सके।

प्रस्तावित थानों के लिए न्यायालय आवंटन की प्रक्रिया बिना विलंब पूरी करने पर जोर दिया गया है, ताकि मामलों की त्वरित सुनवाई हो और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने फोर्स के सभी थानों के लिए स्थायी भवन निर्माण किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

सीएम योगी ने कहा कि संसाधन और संरचना मजबूत होने के बाद कार्रवाई की गति और परिणामों में और वृद्धि होगी, और प्रदेश ड्रग नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने की दिशा में अधिक सशक्त होगा।

कार्रवाई में उल्लेखनीय प्रगति

  • बैठक में बताया गया कि ANTF के गठन के बाद कार्रवाई में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
  • 2023 से 2025 के बीच: 310 मुकदमे दर्ज किए गए।
  • जब्ती: 35,313 किलो अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹343 करोड़ से अधिक है।
  • गिरफ्तारी: 883 तस्कर गिरफ्तार किए गए।
  • विनष्टीकरण: पिछले तीन वर्षों में लगभग ₹775 करोड़ मूल्य के 2,61,391 किलो अवैध मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संघर्ष केवल कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश में अवैध ड्रग कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Also Read: Train Alert: 3 दिसंबर को 8 घंटे ठप रहेगा कानपुर-लखनऊ रेल रूट, शताब्दी सहित 23 ट्रेनों का संचालन प्रभावित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.