सीएम योगी ने 1,134 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- अब योग्यता पर मिलती है नौकरी

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में आयोजित एक समारोह में 1,112 कनिष्ठ सहायक और 22 एक्सरे टेक्नीशियन को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में नौकरी पाने के लिए किसी सिफारिश या रिश्वत की जरूरत नहीं है, बल्कि युवा अपनी योग्यता के दम पर नौकरी पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा आज युवाओं को बिना किसी सिफारिश और बिना किसी लेनदेन के नियुक्ति पत्र मिलता है। उन्हें अपनी योग्यता और दक्षता के आधार पर नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह सब तभी संभव हो पाता है, जब सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष हो। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नौकरी देने में जाति और धर्म को देखा जाता था, लेकिन अब पारदर्शी और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया ‘नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान है।

काम में ईमानदारी की अपील

नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं से योगी ने कहा जब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो रही है, तो मेरी आपसे भी एक अपेक्षा है। आप अपने कार्यस्थल पर किसी के साथ कोई भेदभाव न करें और पूरी प्रतिबद्धता के साथ गरीबों और जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान करें।

एक्सरे टेक्नीशियन भर्ती घोटाले पर बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने 2016 में हुई एक्सरे टेक्नीशियन की भर्ती में हुए घोटाले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति आठ-आठ जगहों पर नौकरी कर रहा था। इस मामले की जांच चल रही है और दोषी पाए जाने वालों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि यह 2016 की भर्ती है और अब इस मामले में एक ही परिवार से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। इस घोटाले में अर्पित नामक व्यक्ति के नाम पर छह और अंकुर के नाम पर दो नियुक्ति पत्र जारी होने का खुलासा हुआ था।

Also Read: लखनऊ पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 21 मोटरसाइकिलें बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.