जनता ने राजनीतिक कचरा हटाया तो 9 वर्षों में स्वच्छ हुआ उत्तर प्रदेश, सीएम योगी ने दी 250 ई-वाहनों की सौगात
Lucknow News: राजधानी लखनऊ को क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में बुधवार को एक और बड़ा अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम के कूड़ा प्रबंधन बेड़े में 250 नए इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल लखनऊ के आधुनिक स्वरूप की चर्चा की, बल्कि पिछली सरकारों की कार्यप्रणाली पर भी कड़ा प्रहार किया।
विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में ‘अंधेरे की संस्कृति’ हावी थी। उन्होंने कहा, पिछली सरकारों को पीली हैलोजन लाइटें इसलिए पसंद थीं क्योंकि उन्हें बिजली देनी ही नहीं थी। जो डकैती डालने के आदी थे, उनके लिए अंधेरा ही सुविधाजनक था। लेकिन हम सूर्य के उपासक हैं। हमने भेदभाव खत्म कर पूरे शहर को एलईडी की दूधिया रोशनी से जगमगाया है ताकि नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

टॉप-3 शहरों में लखनऊ, नेट जीरो की ओर कदम
मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर की कि पिछले 9 वर्षों के प्रयासों से लखनऊ आज देश के टॉप-3 स्वच्छ शहरों में शामिल है। अब लक्ष्य इसे ‘नेट जीरो’ (न्यूनतम कार्बन उत्सर्जन) शहर बनाने का है। इसी कड़ी में ई-वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मैन्युफैक्चरिंग हब: लखनऊ अब इलेक्ट्रिक वाहनों का केंद्र बन रहा है। अशोक लीलैंड के बाद 15 अप्रैल से टाटा की यूनिट भी इलेक्ट्रिक वाहनों का निर्माण शुरू कर देगी।
मेट्रो की सफलता: लखनऊ में रोजाना करीब 1 लाख लोग मेट्रो की सुविधा ले रहे हैं, जो पब्लिक ट्रांसपोर्ट में आए बड़े बदलाव का प्रमाण है।

अब सोलर सिटी बनेगा लखनऊ
प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या के सोलर सिटी के रूप में विकसित होने का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि अब लखनऊ में भी बड़े पैमाने पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।
पीएम सूर्यघर योजना: यूपी में 4.25 लाख से अधिक घरों की छतों पर सोलर पैनल लग चुके हैं, जिससे लोगों के बिजली बिल आधे से भी कम हो गए हैं।
सोलर प्लांट: अयोध्या में 40 मेगावाट के सोलर प्लांट से पूरी लाइट व्यवस्था संचालित हो रही है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल है।
बीमारू राज्य की छवि से मुक्ति
2017 से पहले की स्थिति को याद करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंदगी और अव्यवस्था के कारण यूपी बीमारू राज्य बन गया था, जहां मासूम बच्चे इंसेफेलाइटिस और डेंगू जैसी बीमारियों से दम तोड़ देते थे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और बीमारियां अब नियंत्रण में हैं।
सौमित्र वन और विरासत का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कुकरैल क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर विकसित किए गए सौमित्र वन की चर्चा करते हुए कहा कि यह भगवान लक्ष्मण (सौमित्र) के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। अवैध कब्जों को हटाकर बनाए गए इस सिटी वन ने लखनऊ की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल और कई अन्य विधायक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Also Read: Varanasi News: STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी पहलवान

