सीएम योगी ने रन फॉर यूनिटी का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, मंच पर मंत्री सुरेश खन्ना से ली चुटकी
Lucknow News: शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेशभर में रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने GPO पार्क से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक आयोजित होने वाली रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया। इस दौड़ में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और ट्रेनी पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
सीएम योगी ने ली मंत्री सुरेश खन्ना की चुटकी
कार्यक्रम में एक हल्का-फुल्का पल तब आया जब मंच पर पहुँचने के बाद सीएम योगी ने देर से आने पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की चुटकी ली। मुस्कुराते हुए सीएम ने इशारों में उनसे पूछा, क्यों देर हो गई?
जवाहरलाल नेहरू पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल के योगदान को याद किया और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ब्रिटिश हुकूमत की साजिश थी कि देश के अनेक टुकड़े किए जाएं। जब हैदराबाद और जूनागढ़ के निजाम भारत में शामिल होने के लिए आनाकानी कर रहे थे, तब सरदार पटेल ने उन्हें समझाने का काम किया। उन्होंने 563 रियासतों को खंड भारत का हिस्सा बनाया। सिर्फ एक राज्य जम्मू कश्मीर पंडित नेहरू के पास था, जिसको उन्होंने विवादित करने का काम किया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश विरोधी ताकतें देश को बाँटना चाहती हैं, लेकिन ‘रन फॉर यूनिटी’ देश को एकता के सूत्र में बाँधने का काम करेगा। उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों जैसे काशी, बरेली और गोंडा में भी पुलिसकर्मियों और नेताओं ने उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया। प्रयागराज की कमिश्नर सौम्या अग्रवाल बारिश में भीगती हुईं पैदल चलकर लोगों को प्रेरित करती दिखीं।

