सीएम योगी ने दी ग्रामीण जनता को सौगात, 250 नई बसें दौड़ेंगी गांव-गांव

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में परिवहन विभाग के कार्यक्रम में पहुंचे और जनता को बड़ी सौगात दी। उन्होंने घोषणा की कि पूरे प्रदेश में 250 नई बसें चलाई जाएंगी, जिनमें से हर डिपो की 10 फीसदी बसें ग्रामीण जनता सेवा के लिए समर्पित होंगी। ये बसें 75 से 80 किलोमीटर दायरे के गांवों तक यात्रियों को पहुंचाएंगी और इनका किराया भी 20 प्रतिशत कम होगा।

सीएम ने ली मंत्री की चुटकी

कार्यक्रम के दौरान माहौल हल्का-फुल्का भी रहा। सीएम योगी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की ओर इशारा करते हुए मुस्कुराकर कहा, “आज तो मंत्री जी जल्दी आ गए, हम तो सोच रहे थे कि 12 बजे तक आएंगे। यह बदलाव का संकेत है कि परिवहन विभाग अब तेजी से काम कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि विभाग को अब फाइल लटकाने की पुरानी आदत छोड़नी होगी और समयबद्ध तरीके से काम करना होगा।

महाकुंभ और कोरोना सेवा का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कुंभ और कोरोना काल के दौरान परिवहन विभाग की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि उस समय विभाग ने न सिर्फ यूपी बल्कि उत्तराखंड के प्रवासी लोगों को भी सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। वहीं महाकुंभ के दौरान 45 दिन तक लगातार सेवा देकर लोगों को पुण्य लाभ दिलाने में मदद की।

सीएम योगी ने सड़क हादसों को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि परिवहन विभाग की थोड़ी सी लापरवाही भी जनहानि का कारण बन सकती है। उन्होंने निर्देश दिया कि बस चालकों का हर तीन महीने में मेडिकल टेस्ट अनिवार्य होना चाहिए। साथ ही कहा कि “नो हेलमेट, नो फ्यूल” जैसे अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करेंगे।

शुरू हुईं नई सेवाएं

इस अवसर पर सीएम योगी ने कई नई सेवाओं का शुभारंभ किया—

  • आरटीओ से जुड़े 48 कामों के आवेदन अब प्रदेशभर के 1.50 लाख जन सुविधा केंद्रों पर हो सकेंगे।

  • 8 इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बसें, 16 इलेक्ट्रिक बसें, 1 रिट्रोफिट इलेक्ट्रिक, 10 सीएनजी बसें, 2 एसी बसें, टाटा की 20 साधारण और आयशर की 43 बसों का लोकार्पण किया गया।

  • 400 बीएस-6 बसें भी प्रदेश के बेड़े में शामिल हुईं।

  • सड़क सुरक्षा के लिए 11 इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई।

सीएम योगी की इस सौगात से न केवल ग्रामीण यात्रियों को सस्ती और सुरक्षित सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रदेश की परिवहन सेवाओं को भी एक नई रफ्तार मिलेगी।

Also Read: Ayodhya News: कचहरी परिसर में संदिग्ध झोले से तमंचा व कारतूस बरामद, मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.